चीनी नागरिक ने कबूतरों के लुईस हैमिल्टन को 13 करोड़ 40 लाख देकर खरीदा

ब्रुसेल्स,बेल्जियम में चीन के शख्स ने कबूतर के लिए अपनी दौलत के खजाने’ का मुंह खोल दिया। चीनी नागरिक ने करीब 13 करोड़ 40 लाख रुपए में एक कबूतर को खरीदा। इस तीन साल के कबूतर का नाम ‘न्‍यू किम’ है और बेल्जियम के नीलामीकर्ता प‍िजन पैराडाइज ने इस बेचा है। यह आम कबूतर नहीं बल्कि रेस में हिस्‍सा लेता है। न्‍यू किम कबूतर ने पिछले साल हुई नीलामी के रिकॉर्ड तोड़ दिया जिसमें एक नर कबूतर अरमांडो को 11 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। इस कबूतर को कबूतरों की दौड़ का लुईस हैमिल्टन कहा जाता था। कबूतरों की यह दौड़ चीन में काफी लोकप्रिय है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अंतिम समय में नीलामी के दौरान दो चीनी बायर्स ने जोरदार बोली लगाई जो 13 करोड़ 40 लाख रुपए पर जाकर रुकी। बेल्जियम के एंटवर्प शहर के इस कबूतर का इस्‍तेमाल अब रहस्‍यमय चीनी शख्स बायर ब्रीडिंग के लिए कर सकता है। प‍िजन पैराडाइज के चेयरमैन निकोलस ने कहा, ‘मेरा मानना है कि यह एक विश्‍व रिकॉर्ड है, अभी तक इस तरह की नीलामी को कभी भी आधिकारिक रूप से दस्‍तावेजों में नहीं रखा गया है।’ उन्‍होंने कहा, ‘मैंने यह कभी नहीं सोचा था कि हम इतनी अधिक धनराशि तक पहुंच सकते हैं।’ न्‍यू किम कबूतर ने वर्ष 2018 में फ्रांस में हुई एक रेस जीती थी।
बता दें कि हाल के दिनों में शीर्ष यूरोपीय पक्षियों ने विश्‍वभर में खासतौर पर चीन में बहुत लोकप्रियता हासिल की है। चीन में कबूतरों की दौड़ को लोग पागलों की हद तक पसंद करते हैं। यही नहीं खाड़ी देशों और एशिया के करोड़पति लोग इन चैंप‍ियन पक्षियों की खरीद के लिए आते हैं और फिर उसे खरीदकर अपने देश ले जाते हैं। बेल्जियम और उत्‍तरी फ्रांस में लंबे समय से कबूतरों को पाला जाता रहा है। चीन में इस खेल की शुरुआत हजारों साल पुरानी है। मिंग राजवंश के शासन काल के दौरान वर्ष 1368 से लेकर 1644 तक कबूतरों की दौड़ अपने सबाब पर थी। उस दौरान भी कबूतरों को यूरोप से लाया जाता था। नीलामी में कुल 445 पक्षियों का नीलाम किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *