सुशांत की को स्टार रहीं सपना पब्बी बोलीं मैं नहीं हुई हूं गायब

मुंबई, पिछले दिनों खबर आई थी कि सुशांत सिंह राजपूत की को स्टार रहीं ऐक्ट्रेस सपना पब्बी को ड्रग्स केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पूछताछ के लिए समन भेजा था और इसके बाद वह गायब हो गई थीं। अब सपना पब्बी ने खुद इस मसले पर रिऐक्ट करते हुए सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि वह कभी भी गायब नहीं हुई हैं। सपना ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया है। अपनी पोस्ट में सपना पब्बी ने बताया है कि वह इस समय अपने परिवार के साथ लंदन में हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि वह खुद के गायब होने की खबरें सुनकर काफी दुखी हैं। सपना ने लिखा, ‘भारत में खुद के बारे में अटकलबाजी वाली मीडिया रिपोर्ट्स देखकर दुखी हूं जिसमें मुझे गायब बताया जा रहा है। मैं अपने घर लंदन वापस आई हूं और अपने परिवार के साथ हूं। मेरे वकीलों ने इस बारे में भारत में अधिकारियों को जानकारी दी है और उन्हें पूरी तरह पता है कि मैं अभी कहां हूं।’
बता दें कि खबर आई थी कि ड्रग्स केस में अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के भाई अगिसियालोस डेमेट्रिएड्स की गिरफ्तारी के बाद मामले में सपना पब्बी का भी नाम सामने आया था। मिड डे की रिपोर्ट में बताया गया था कि इनवेस्टिगेटिंग एजेंसी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेडे ने बताया कि सपना के घर के बाहर नोटिस लगा दिया गया, लेकिन अब तक उन्होंने इसपर अपना कोई जवाब नहीं दिया, और वह लापता हैं। इससे पहले एनसीबी ने अगिसियालोस डेमेट्रिएड्स को गिरफ्तार किया था और उनके पास से हशीष और एल्प्राजोलम की टेबलेट्स मिली थीं जो भारत में बैन हैं। ब्रिटिश ऐक्ट्रेस सपना पब्बी ने सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म ‘ड्राइव’ में ‘नैना’ का किरदार निभाया था। सपना ने टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी और अब तक कई बॉलिवुड फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। मालूम हो कि ड्रग्स केस में सुशांत के साथ ड्राइव में काम कर चुकीं सपना पब्बी का नाम सामने आया था। एनसीबी ने सपना को पूछताछ के लिए समन भेजा था जिसके बाद उन्हें गायब बताया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *