हाथरस,जिले में शनिवार को सादाबाद क्षेत्र के गांव छावा नगरिया में मेड़ को लेकर तीन सगे भाइयों के बीच इस कदर विवाद हो गया कि दोनों तरफ से लाठी डंडे निकल आए। विवाद इतना बढ़ गया कि तीसरे भाई के पुत्र ने अपने दोनों सगे चाचा पर गोली चला दी। जिससे एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। दोपहर बाद दूसरे भाई की भी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह विवाद हुआ कि एक भाई ने दूसरे भाइयों के खेत में अपनी मेड़ बढ़ा ली थी। हालांकि मामले को गांव के कुछ बुजुर्गों ने समझा-बुझाकर शांत कर दिया। लेकिन बाद में फाल सिंह तथा हंभीर सिंह इसी मेड को जोतने के लिए पहुंच गए। इसी बात पर तीनों भाइयों के बीच में फिर विवाद हो गया। बताते हैं कि विवाद के दौरान ही एक भाई के पुत्र ने अपने दोनों चाचा पर फायरिंग कर दी। जिससे गोली हंभीर सिंह तथा फाल सिंह के लगी। गंभीर रूप से घायल फाल सिंह तथा हंभीर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने फाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। हंभीर सिंह को आगरा रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।