नई दिल्ली,देश में कोरोना से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 66 लाख 20 हजार के करीब पहुंच गई है। अच्छी बात यह है कि लगभग 56 लाख लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं। किंतु 1 लाख ढाई हजार से अधिक लोगों की कोरोना से मृत्यु हो चुकी है।
संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र का पहला नंबर है। लेकिन यहां पर अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पिछले माह की अपेक्षा कम आ रही है। रविवार को महाराष्ट्र में 15,851 नए कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़कर 14 लाख 46 हजार से ऊपर पहुंच गई। जिनमें दो लाख 61 हजार से ऊपर एक्टिव मामले हैं, जबकि 38,000 के करीब पीड़ितों की मौत हो चुकी है। इस प्रकार देश की लगभग 33% मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। मौत और संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र रूस जैसे विशाल देश को भी पीछे छोड़ चुका है। रविवार के दिन टेस्ट कम होने के बावजूद आंध्रप्रदेश में 6242, कर्नाटक में 10,145, तमिलनाडु में 5489, उत्तरप्रदेश में 3840, दिल्ली में 2683, पश्चिम बंगाल में 3357, ओडिशा में 3326, केरल में 8553, तेलंगाना में 1949, बिहार में 1261, गुजरात में 1302, हरियाणा में 1302 नए संक्रमित मरीज मिले।
देश में 21 राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना संक्रमण से मरने वालों का प्रतिशत देश के औसत से कम है। लेकिन कुछ राज्यों में यह देश के औसत से अधिक है। पंजाब में सर्वाधिक 3% मृत्यु दर है। महाराष्ट्र में भी 2% से ऊपर मृत्यु दर है। इसके अलावा कुछ अन्य राज्यों में भी देश के औसत से अधिक मौतें हो रही हैं। लेकिन बिहार जैसे बड़े राज्य और केरल – छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्यों में मृत्यु दर 1% से नीचे है। मृतकों की संख्या के लिहाज से देखें तो पहले नंबर पर महाराष्ट्र है। इसके बाद तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, पंजाब, गुजरात जैसे राज्यों का नंबर है जहां पर बड़ी तादाद में मौतें हुई हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या के मामले में पहले नंबर पर महाराष्ट्र है। इसके बाद कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, उत्तरप्रदेश, असम, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का नंबर है जहां सक्रिय मरीजों की संख्या 30 हजार से ऊपर है। छोटे राज्यों में सक्रिय मरीजों की बड़ी संख्या चिंता का विषय है। कोरोना वैक्सीन को बाजार में आने में अभी 8 माह से अधिक का समय लग सकता है। अच्छी बात यह है कि देश में अब नए संक्रमित मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले अधिक मिल रहे हैं।