भाजपा ने मप्र के लिए दिल्ली में सभी 28 सीटों के उम्मीदवारों के नाम पर किया मंथन, कल होगी घोषणा

भोपाल, मप्र में 28 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इसी सप्ताह के अंत में 9 अक्टूबर से नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। ऐसे में भाजपा ने रविवार को दिल्ली में चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया। बताया जाता है कि पार्टी सोमवार या मंगलवार को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकती है। वहीं कांग्रेस भी आज-कल में शेष चार सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।
गौरतलब है कि प्रदेश में जिन 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है भाजपा अब तक आधिकारिक तौर पर एक भी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं कर पाई है। पार्टी की तरफ से 25 सीटों पर तो सभी उम्मीदवार लगभग तय माना जा रहा है। लेकिन कई सीटों पर प्रत्याशी को लेकर पार्टी के अंदर विरोध है। इसलिए नामों की घोषणा नहीं हो पाई है। सूत्र बताते हैं कि दिल्ली में चुनाव समिति की बैठक में सभी 28 नामों का फाइनल कर दिया गया है। वहीं कांग्रेस ने मेहगांव, बड़ामलहरा, मुरैना और ब्यावरा के प्रत्याशियों का नाम फाइनल कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी घोषणा में पिछड़ी
मप्र में 3 नवंबर को मतदान के बाद 10 नवंबर को तय होगा कि शिवराज या कमलनाथ के साथ जनता का साथ है। अब तक प्रचार में आगे चलने वाली भाजपा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करने में कांग्रेस और बसपा से काफी पीछे चल रही है। कांग्रेस ने अपने 24 प्रत्याशियों और तीसरी ताकत बनने का जतन कर रही बसपा ने भी 18 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस से भाजपा में आए 25 पूर्व विधायकों को फिर से टिकट दिए जाने पर सहमति पहले ही बन चुकी है। बैठक में सिर्फ 3 सीटों पर ही प्रत्याशी चयन पर मथापच्ची करनी पड़ी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *