कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बाद राजस्थान के 11 शहरों में लगाई गई धारा-144

जयपुर,राजस्थान में कोरोना वायरस बेलगाम हो चला है इसके बढ़ते संक्रमण ने गेहलोत सरकार की चिंताएं बढ़ा दी है। शनिवार को भी 1834 नये मामले और 14 लोगों की मौत के बाद प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए 11 जिलों में जिला मुख्यालयों में सार्वजनिक स्थलों पर धारा-144 लागू करने का निर्णय लिया है। यहां अब 5 से अधिक व्यक्तियों के समूह में इकट्ठा होने पर पाबंदी होगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शनिवार रात हुई उच्च स्तरीय बैठक में धारा-144 लागू करने के साथ राज्य और जिला स्तर पर कोविड-19 वॉर रूम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। कोरोना के मरीजों और उनके परिजनों की सहायता के लिए ये वॉर रूम चौबीसों घंटो काम करेंगे। जिलों में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी वॉर रूम के प्रभारी होंगे। कोविड-19 संक्रमण पर काबू पाने के लिए सरकार ने राजधानी जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, उदयपुर, सीकर, पाली और नागौर जिलों के मुख्यालयों पर धारा-144 लागू कर दी है। इन शहरों में सार्वजनिक स्थलों पर धारा-144 के तहत 5 से अधिक व्यक्तियों के एक साथ इक्कठा होने पर प्रतिबंध रहेगा। सार्वजनिक जगहों पर 5 व्यक्ति भी मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियम की पालना करेंगे। इस संबंध में जिला कलेक्टर आदेश जारी करेंगे।
गहलोत ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश में कोविड-19 महामारी की स्थिति और उससे बचाव के उपायों पर अधिकारियों के साथ बैठक में पूरे प्रदेश में किसी भी सामाजिक-धार्मिक आयोजन पर रोक को भी 31 अक्टूबर तक यथावत जारी रखने का निर्णय लिया है। केवल अंतिम संस्कार में 20 तथा विवाह-शादी के आयोजन में 50 व्यक्तियों के शामिल होने की छूट पूर्ववत रहेगी, लेकिन इसके लिए स्थानीय उपखण्ड अधिकारी को पूर्व सूचना देनी होगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राज्य के सभी जिलों में कोरोना के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है। किसी भी जिले में ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड तथा वेन्टिलेटर जैसे जीवन रक्षक उपकरणों की कमी नहीं है। इस संबंध में कतिपय भ्रामक सूचनाएं फैलाई गई हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना के मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
राजस्थान में कोविड-19 महामारी से प्रभावित किसी भी व्यक्ति या उसके परिजन को किसी भी परेशानी सलाह या कोरोना से संबंधित जानकारी देने के लिए राज्य-स्तरीय हेल्पलाइन 181 भी सोमवार 21 सितम्बर से शुरू की जायेगी। कोई भी व्यक्ति 181 नम्बर डायल करके कोरोना से संबंधित समस्या के समाधान तथा सलाह लेने के लिये सम्पर्क कर सकेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस हेल्पलाइन के लिए पर्याप्त टेलीफोन लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम गहलोत ने महामारी के संक्रमण से बचने के लिए सभी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनने और उचित दूरी रखने सहित हेल्थ प्रोटोकॉल की कड़ाई से पालना करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बाजारों, कार्यालयों, सार्वजनिक परिवहन, पर्यटन स्थलों आदि सभी जगह पर ’नो मास्क, नो एन्ट्री’ के संकल्प की पालना करनी चाहिए। शनिवार को रात को इस उच्च स्तरीय बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ। रघु शर्मा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ। सुभाष गर्ग, मुख्य सचिव राजीव स्वरूप, प्रमुख सचिव गृह अभय कुमार, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अखिल अरोरा, शासन सचिव चिकित्सा शिक्षा वैभव गालरिया, सूचना एवं जनसम्पर्क आयुक्त महेन्द्र सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *