ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी की कोरोना से मौत

भोपाल, मध्य प्रदेश के राजगढ़ में ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी की कोरोना से मौत हो गई है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनकी हालत बिगड़ी थी। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि 8 सितंबर को उनकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बाद में हालात बिगडऩे से मौत हो गई है। गोवर्धन दांगी मध्य प्रदेश के पहले विधायक हैं, जिनका कोरोना पॉजिटिव आने के बाद निधन हो गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर स्वर्गीय विधायक दांगी को श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दांगी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही की वजह से दांगी की जान गई। यहां के हॉस्पिटल में सही इलाज नहीं मिला। इसलिए दिल्ली में मेदांता में उनको बचाने की कोशिश की गई थी। कमलनाथ ने कहा कि राजगढ़ जिले की ब्यावरा सीट से हमारे साथी विधायक गोवर्धन दांगी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बेहद कर्मठ, जुझारू व्यक्तित्व के धनी दांगी अपने क्षेत्र के विकास व जनता के हितों के लिये सदैव संघर्षरत रहते थे। दांगी के निधन के बाद अब ब्यावरा सीट पर भी उपचुनाव होगा। ऐसे में आने वाले समय में 28 सीटों पर विधानसभा के उप चुनाव होंगे। दांगी के निधन के बाद अब कांग्रेस के प्रदेश में 88 विधायक हैं।
अब तक 10 मंत्री 18 विधायक कोरोना पॉजिटिव
मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के कई विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, तरुण भनोत, वन मंत्री विजय शाह, बैतूल में विधायक ब्रम्हा भलावी सहित अब तक विधानसभा के करीब 18 प्रतिशत सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। विधानसभा के 203 सदस्यों में से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश के 10 मंत्री, 28 विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *