उपचुनाव से पहले शिवराज बोले सभी 27 विधानसभाओं में होगा मेरा घर

भोपाल, कांग्रेस ने हमेशा जनता को भड़काने का काम किया। इन उपचुनावों में भी वह झूठ और फरेब का सहारा ले रही है। 15 महीने तक सत्ता में रहने के बाद भी लगातार जनता से वादाखिलाफी करने वाली कमलनाथ सरकार की हकीकत हमें उजागर करना है। 5 माह के अल्प समय में हमने जो जनकल्याण के काम किए हैं, उसे जनता के सामने रखकर उन्हें भाजपा सरकार और कांग्रेस सरकार का फर्क बताना है। यह चुनाव प्रत्याशी को जिताने का नहीं बल्कि सरकार के भविष्य का चुनाव है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायकों एवं सांसदों की बैठक में कही। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने भी संबोधित किया।
चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में हम जीत का संकल्प लें और हमारे जो साथी बाहर से आएं हैं, उनके साथ समन्वय करके सेक्टर और पोलिंग बूथ तक कार्यकर्ताओं से संवाद करें। केंद्र और राज्य सरकार ने जनता को जो सौगातें दी हैं, उन हितग्राहियों की संख्या बढ़ी है। प्रत्येक विधानसभा में हम उन हितग्राहियों से संपर्क करेंगे तो हमें लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव में हमें संकल्प, समन्वय, संवाद और संपर्क के साथ जुटना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव को भटकाने की कोशिश करेंगे, लेकिन हमें विकास के मुद्दे पर यह चुनाव लड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *