छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश में मानसून की मेहरबानी कुछ ज्यादा ही रही जिसके कारण छिंदवाड़ा जिले में भी बाढ़ जैसे हालात हो गए है यहां की हर तहसील और ग्राम में तेज बारिश का क्रम अनवरत रूप से जारी है। संपूर्ण जिले के नदी, नाले अपने पूर्ण यौवन पर उफान मारते नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि चौरई विकासखंड के ग्राम बेलखेड़ा में पेंच नदी के टापू पर मधु कहार नामक एक युवक फंस गया था। जिसको लेकर जिला प्रशासन खासा चौकन्ना हो गया था। पेंच नदी के तेज प्रवाह में फंसे इस युवक मधु कहार के जीवन को बचाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा एनडीआरएफ का सहयोग लिया गया। जिला प्रशासन और एनडीआरएफ के संयुक्त दल के द्वारा ग्राम बेलखेड़ा के टापू में फंसे युवक को हेलीकॉप्टर की मदद से निकाल लिया गया है।
उधर, सौसर के ग्राम पुराना संगम सांवगा में भारी बारिश के चलते नदी का पानी गांव में घुस गया है प्रशासन ने गांव के लोगों के सहयोग से सभी को सुरक्षित निकाल लिया है। साथ ही यहां 50 से अधिक जानवरों की मौत हो चुकी है और लाखों रुपए की फसलों को भारी नुकसान पंहुचा है।
वहीं, नरसिंहपुर जिले के शहनाई गार्डन के पास रोड बहने से छिंदवाड़ा नरसिंहपुर का संपर्क टूट गया जिसके चलते सैकड़ों वाहन फंस गए और लंबी कतार लग गई। व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मौके पर प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी पहुंचे।
छिंदवाड़ा में पेंच नदी के टापू में फंसे युवक का एनडीआरएफ ने किया हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू