उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार लेकिन 19 जिलों के 922 गांव बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है लेकिन अब भी राज्य के 19 जिलों के 900 से ज्यादा गांव सैलाब से प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्राकृतिक आपदा की वजह से हुए फसलों के नुकसान का आकलन कराकर जल्द कृषि निवेश अनुदान उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
प्रदेश के राहत आयुक्त संजय गोयल ने बुधवार को बताया कि राज्य में बाढ़ प्रभावित जिलों की तादाद 1000 से घट गई है, मगर अब भी प्रदेश के 19 जिलों अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, देवरिया, फर्रूखाबाद, गोण्डा, गोरखपुर, कासगंज, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, मऊ, संतकबीर नगर, शाहजहांपुर, श्रावस्ती तथा सीतापुर के 922 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें से 571 गांव पूरी तरह बाढ़ से घिर गए हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण सैकड़ों हेक्टेयर फसल डूब गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का फौरन सर्वेक्षण कराएं और जिन किसानों की फसलें बाढ़ की वजह से नष्ट हुई है उन्हें जल्द से जल्द कृषि निवेश अनुदान उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिए हैं कि बाढ़ शरणालय में रह रहे लोगों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के उचित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और भोजन वगैरह की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाढ़ शरणालय के साथ ही पशु शरणालय भी बनाए जाएं तथा वहां चारे वगैरह की उचित व्यवस्था की जाए ताकि बाढ़ से विस्थापित पशुओं की उचित देखभाल हो। गोयल ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के ठहरने के लिए राज्य में 373 शरणालयों तथा 784 बाढ़ चैकियों की स्थापना की गई है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की कुल 29 टीमें लगाई गई हैं। राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में इस वक्त शारदा और घाघरा नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। शारदा नदी पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) में जबकि घाघरा नदी एल्गिनब्रिज (बाराबंकी), अयोध्या तथा तुर्तीपार (बलिया) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *