बलिया, बलिया जिले में एक इलेक्ट्रानिक चैनल के पत्रकार रतन सिंह की बीती देरषाम गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस मामले में फेफना क्षेत्र के थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने मंगलवार बताया कि टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह के पिता विनोद सिंह की शिकायत पर सोमवार रात फेफना थाना में भारतीय दंड विधान की बलवा व हत्या के आरोप की धारा में दस व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने छह आरोपियों सुशील सिंह, सुनील सिंह, अरविंद सिंह, वीर बहादुर सिंह, दिनेश सिंह व विनय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि विनोद सिंह ने शिकायत की है कि उनके पुत्र को गांव का ही सोनू सिंह कल रात आठ बजे घर से बुलाकर ले गया तथा उसके घर पर पहले से ही मौजूद लोग लाठी, डंडा, रिवाल्वर से लैस रहे। इन लोगों ने रतन की हत्या कर दिया।
एएसपी यादव ने बताया कि इस मामले में फेफना थाना प्रभारी शशि मौलि पांडेय को निलंबित कर दिया गया है तथा राजीव मिश्रा को नया प्रभारी बनाया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत पत्रकार रतन सिंह के परिजनों को मंगलवार 10 लाख रुपए आर्थिक मदद का एलान किया। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ हर संभव कार्रवाई का निर्देश दिया है।
बलिया में पत्रकार की हत्या के बाद थाना प्रभारी निलंबित, छह आरोपी पकडे गए