कोझिकोड, दुबई से केरल पहुंचा एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान केरल के विमानतल पर शुक्रवार शाम 7:40 पर रनवे से फिसल गया। चलते ही विमान के दो टुकड़े हो गए और दो पायलटों की मौत हो गई। इस हादसे में 14 लोगों के मरने की आशंका जताई गई है,विमानन कंपनी और डीजीसीए के सूत्रों का कहना है कि मलबे में लगभग 4 लोग फंसे हुए हैं। डीजीसीए ने 170 लोगों के सुरक्षित बचने का दावा किया है। केरल के डीजीपी का कहना है कि विमान हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। हादसे में 50 लोगों के घायल होने की खबर है।
सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के कारण उड़ान संख्या आईएस 1344 का विमान शाम को क्रैश लैंडिंग करते हुए फिसल गया। एयर इंडिया के एक्सप्रेस बेड़े में सिर्फ बोइंग 737 विमान हैं। विमान के फिसलते ही राहत और बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। विमान में किसी तरह की आग नहीं लगी इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।केरल के कोझिकोड में करीपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग करने के दौरान फिसल गया। सूत्रों के अनुसार दुबई से आ रहे इस विमान में पायलट और क्रू मेंबर समेत 191 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।विमान में सवार यात्रियों में 128 पुरुष, 46 महिलाएं और 10 बच्चे थे।मलप्पुरम पुलिस अधीक्षक के हवाले से बताया है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है और 123 लोग घायल हुए हैं। हादसे में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
कोंडोट्टी पुलिस के मुताबिक एयर इंडिया की दुबई-कालीकट उड़ान (IX-1344) शुक्रवार शाम 7.45 बजे लैंडिंग करते वक्त फिसल गई। यह हादसा बारिश की वजह से रनवे गीला होने के चलते हुआ। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया है। फिसलने के बाद विमान करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। बता दें कि कोझिकोड का हवाई अड्डा भौगोलिक रूप से ‘टेबल टॉप’ है, मतलब हवाई पट्टी के इर्द-गिर्द खाई है। इसी कारण रनवे पर फिसलने के बाद विमान खाई में जा गिरा और दो टुकड़ों में टूट गया।
बारिश और कम दृश्यता के चलते हुआ हादसा
डीजीसीए के अनुसार विमान ने रनवे संख्या 10 पर लैंडिंग की थी। जिसके बाद विमान फिसल गया और खाई में गिर गया। खाई में गिरने के बाद विमान के दो टुकड़े हो गए। डीजीसीए ने बताया कि लैंडिंग के समय भारी बारिश हो रही थी और दृश्यता 2000 मीटर थी। यह विमान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारत आ रहा था। बचाव एवं राहत कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के दल घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।
बचाव कार्य जारी, अस्पताल ले जाए जा रहे यात्री
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अतिरिक्त डीजी मीडिया राजीव जैन ने बताया कि लैंडिंग के समय आग लगने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बचाव कार्य जारी है और यात्रियों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। वहीं, दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
लगभग सभी यात्री चोटिल, कुछ बेहोश : एनडीआरएफ
एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने कहा कि हमें यह ध्यान में रखना होगा कि कोझिकोड पर यह टेबल टॉप रनवे है। लगभग सभी यात्रियों को चोट आई है और कुछ यात्री बेहोश हैं। बचाव और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ का एक दल घटनास्थल पर भेज दिया गया है।
केरल के कोझिकोड में रनवे से फिसलकर विमान खाई में गिरकर दो टुकड़ों में बंटा दो पायलटों सहित 14 की मौत 123 लोग घायल