अयोध्या,अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन से भक्ति भाव के पंख लगाकर आकाशीय तरंग में परिवर्तित हो गयी है। अयोध्या की हर गली, हर सडक, हर चौराहा और हर रामभक्त प्रभु श्रीराम की भक्ति के रंग में रंग दिख रहा है। आज श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर हर अयोध्यावासी उत्साहित है। भगवान राम की नगरी अयोध्या को ‘दुल्हन’ की तरह सजाया गया है। राजधानी लखनऊ तथा अन्य पड़ोसी जनपदो से अयोध्या जाने वाली अधिकतर सड़कें भगवान राम के प्रस्तावित मंदिर और राम लला के बड़े-बड़े पोस्टरों, बैनरों और होर्डिंग से सजी है और गुजरने वाले हर आदमी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अयोध्या में अभिजीत मुहूर्त में रामजन्म भूमि स्थल पर नींव में चांदी की शिला रख कर मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इस दिव्य व भव्य आयोजन पर देश ही नहीं बल्कि दुनिया की निगाहें लगी हैं। उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और उनकी सरकार ने इस आयोजन को शांति, सौहार्द व गरिमा के साथ सम्पन्न कराने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चाक चैबंद सुरक्षा व्यवस्था और सोशल डिस्टेंसिंग अपनी जगह मुस्तैद है।योगी सरकार इस एतिहासिक व सांस्कृतिक तौर पर गौरान्वित करने वाली परिघटना को यादगार बना देने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। श्रद्धा भक्ति का माहौल अयोध्या तक सीमित नहीं है। जो जहां है वहीं खुशी मना रहा है। अखंड रामायण का पाठ हो रहा है, भजन कीर्तन हो रहा है और रात्रि में प्रज्ज्वलित दीपों की छटा उस युग का अहसास करा रही है जब श्रीराम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे तो अयोध्या नगरी उनके स्वागत में दीपों की रौशनी से नहाई हुई थी।
साकेत कालेज से हनुमानगढ़ी को जाने वाले मार्ग पर जगह जगह लकड़ी की बल्लियों से मार्ग अवरोधक लगाये गये है जबकि कई अन्य स्थानों पर लोहे के अवरोधक भी लगाये गये है। हनुमानगढ़ी को जाने वाला मार्ग पूरी तरह से साफ सुथरा है और जगह-जगह पर पानी का छिड़काव भी किया गया है।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मौके पर राम की पैड़ी पर एक लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। यहां पर भव्य रंगोली की भी सजावट की गई है। बुधवार को भूमि पूजन के मौके पर राम की पैड़ी अलग ही रूप में दिखेगी। भूमि पूजन के बाद शाम को यहां एक बार फिर से दीपोत्सव मनाया जाएगा। कड़ी धूप होने के बावजूद मंगलवार को राम की पैड़ी पर दीपोत्सव मनाने की तैयारियां चलती रहीं। राम की पैड़ी के सभी घाटों पर अवध विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े कलाकार और स्वयंसेवी जत्थों के रूप में कहीं रंगोली बनाने में तो कहीं दीपों को सजाने में जुटे रहे। सभी छात्र और स्वयंसेवक राम मंदिर निर्माण शुरू होने के मौके पर मनाए जा रहे उत्सव का भागीदार बनने पर खुशी भी जताई। राम की पैड़ी के लक्ष्मणघाट पर रंगोली सजाने के कार्य का निर्देशन कर रहीं दीपा लोक एवं जनजाति कला संस्था की पदाधिकारी दीपा सिंह रघुवंशी ने बताया कि सभी घाटों पर अलग-अलग आकृतियों की रंगोली सजाई जा रही है। रामायण कालीन प्रसंग भी उकेरे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था से जुड़े सभी कलाकार घाटों को रंगोली बनाकर सजाने के काम में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि रंगोली की सजावट के साथ राम की पैड़ी पर बुधवार की शाम दीपोत्सव भी मनाया जाएगा। इसके लिए पैड़ी के घाटों पर एक लाख दीपक सजाए जा रहे हैं। यह सभी दीप एक साथ प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसी तरह राम की पैड़ी के एक अन्य घाट पर रंगोली सजाए जाने का संयोजन कर रहीं वाणी विकलांग सेवा संस्थान की दिव्यांग कलाकार वाणी शुक्ला ने बताया कि विभिन्न रंगों से घाट पर पौराणिक काल के परिदृश्यों को उकेरा जा रहा है। उनके साथ कई अन्य कलाकार भी घाट पर रंगोली को आकृति देने में जुटे रहे। राम की पैड़ी के साथ सरयू नदी के तट पर भी दीपोत्सव मनाए जाने की तैयारी है। तमाम लोग सरयू नदी के घाट पर दीपदान करेंगे।
अयोध्या की हर गली, हर सडक, हर चौराहा और हर रामभक्त प्रभु श्रीराम की भक्ति के रंग में रंगा दिख रहा