प्यारे मियां के साथ 60 लाख की धोखाधड़ी में उसकी दो पत्नियां और बेटा भी रहे शामिल

भोपाल, नाबा‎लिग ‎किशोरियों से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार प्यारे मियां के खिलाफ श्यामला हिल्स पुलिस ने करीब साठ लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इस मामले में उसकी दो पत्नियां और बेटा भी शामिल है। एडीजी उपेन्द्र जैन ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में प्यारे मियां से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान लेक व्यू इन्क्लेव अपार्टमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएन सिंह ने एक लिखित शिकायत की थी। उसमें बताया था कि प्यारे मियां ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर ई-ब्लॉक लेक व्यू इनक्लेव अपार्टमेंट वेल्फेयर सोसाइटी का गठन कर लिया था। साथ ही सोसाइटी के अन्य सदस्यों को बताए बिना अंसल अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक की छत पर भारती एयरटेल लिमिटेड का टावर लगवा लिया था। प्यारे मियां ने वर्ष 2011 से अभी तक लगभग 60 लाख रुपए किराये के रूप में भारती एयरटेल लिमिटेड से प्राप्त किए। प्यारे मियां ने उन रुपयों से सोसाइटी में कोई भी काम नहीं कराया। प्यारे मियां समय – समय पर सोसाइटी की मीटिंग में फर्जी लोगों के नाम व हस्ताक्षर बना कर ऑडिट रिपोर्ट रजिस्ट्रार में जमा करता रहा। एडीजी जैन के मुताबिक शिकायत की जांच श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने की। जांच में पाया कि प्यारे मियां उनकी पत्नी तनवीर फातिमा एवं बदरून्निश तथा पुत्र शाहनवाज खान द्वारा धोखाधड़ी कर सोसाइटी के नाम पर मिले रुपयों का दुरुपयोग किया गया है। श्यामला हिल्स पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *