मप्र भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा की नई टीम का एलान इसी हफ्ते होने का आसार

भोपाल, अब भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। उम्मीद की जा रही हैं कि इसी सप्ताह घोषणा हो जाएगी। उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर-अंचल को महत्व मिलने की उम्मीद की जा रही है। भाजपा के कई नेता प्रदेश कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। वीडी शर्मा के सामने सबसे बड़ी चुनौती ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ आए उनके समर्थकों को एडजस्ट करना है। माना जा रहा है कि अपनी कार्यकारिणी गठित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सीएम शिवराज सिंह चौहान की तरह शर्तों में नहीं बंधे हैं। टीम वीडी शर्मा में सिंधिया समर्थकों को स्थान देकर यह बात प्रमाणित करने के लिए संगठन पर नैतिक दबाव अवश्य है कि सिंधिया व उनके समर्थकों को भाजपा ने आत्मसात कर लिया है। सांसद विवेक शेजवलकर से जुड़े एक-दो लोग भी प्रदेश कार्यकारिणी में जगह पा सकते हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान पाने के लिए दावेदारों की लंबी कतार है, लेकिन जिले के 5 से 6 नेताओं को स्थान मिलने की उम्मीद है। फिलहाल संगठन में जिन नामों की चर्चा चल रही हैं उनमें राजेश सोलंकी, वेदप्रकाश शर्मा, जयप्रकाश राजौरिया प्रमुख हैं। इसके साथ ही प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर का प्रमोशन कर कोई अतिरिक्त दायित्व भी मिल सकता है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी अंचल के होने के कारण स्थानीय नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में अधिक स्थान दे सकते हैं।
कमल की नियुक्ति का विरोध करने के कारण कई नेताओं का कट सकता है पत्ता- सार्वजनिक रूप से अध्यक्ष पद पर कमल माखीजानी की नियुक्ति की खिलाफत करने वाले आधा दर्जन से अधिक नेता ही टीम वीडी शर्मा में शामिल होने की दौड़ से फिलहाल बाहर माने जा रहे हैं। पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन व पूर्व जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी के नाम को लेकर अवश्य सस्पेंश बना हुआ है।
अंचल के सिंधिया समर्थकों ने अभी भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की-
सिंधिया समर्थकों को लेकर संगठन की सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि अभी इन लोगों ने सिंधिया के साथ कांग्रेस तो छोड़ दी है और भाजपा में शामिल होने की मंशा भी जाहिर कर दी है, लेकिन अभी तक इनकी विधिवत भाजपा में सदस्यता नहीं हुई है। यह लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए सिंधिया के नगर आगमन का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *