रिलायंस के शेयरों में 3 फीसदी उछाल के बाद मुकेश अंबानी अब दुनिया के छठे सबसे अमीर इंसान

नई दिल्ली, रिलायंस के शेयरों में 3 फीसदी का उछाल के बाद भारत और एशिया में पहले से ही सबसे अमीर मुकेश अंबानी अब दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग के बिलिनियर्स इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल दौलत 72.4 अरब डॉलर हो गई है। मुकेश अंबानी को रिलायंस के शेयरों में बढ़त का फायदा तो मिला ही, अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट का भी फायदा उन्हें मिला। इस गिरावट के चलते गूगल के को-फाउंडर लैरी पैज की दौलत 71.6 अरब डॉलर पर आ गई। वहीं गूगल की स्थापना करने वाले सेरजे ब्रिन की दौलत 69.4 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
टेस्ला के एलन मस्क भी मुकेश अंबानी के मुकाबले पीछे रह गए हैं। इतना ही नहीं, पिछले ही सप्ताह मुकेश अंबानी ने बर्कशायर हैथवे के सीईओ और दुनिया के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे को भी पछाड़कर लिस्ट में सातवां स्थान हासिल किया था। इस साल के शुरुआती महीनों में कारोबार में कमजोरी के बाद मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने लगातार ग्रोथ की है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स में एक के बाद एक 13 निवेशक पैसे लगा चुके हैं, जिसमें फेसबुक भी शामिल है। इन निवेशों से अंबानी को 1,18,000 करोड़ रुपये की रकम हासिल हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *