राज्यसभा चुनाव के लिए हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में रानी लक्ष्मी बाई के बलिदान को याद किया गया

भोपाल, आज दूसरे दिन भी कांग्रेस विधायक दल की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर हुई, जिसमें पारिवारिक कारणों से कल अनुपस्थित रहे विधायक आज की बैठक में उपस्थित हुए। बैठक प्रारंभ होने के पूर्व 1857 की क्रांति को याद कर वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई के बलिदान दिवस पर उन्हें सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आज हम राज्यसभा चुनाव को लेकर दोबारा यहां एकत्रित हुए हैं। आज एक बार फिर सभी विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि कल होने वाले चुनाव को लेकर कोई भी गलती न हो। इस चुनाव के बाद हमें आगामी 24 उपचुनाव के लिए जुटना है, जिसके परिणाम एक संदेश के रूप में होंगे, उन लोगों के लिए जिन्होंने साजिश-षड्यंत्र व धोखा कर एक चुनी हुई सरकार को गिराने का काम किया है।
उन्होंने कहा कांग्रेस से जिन राजा-महाराजाओं ने धोखा कर अपनी अलग पार्टी बनाई उनका हश्र सभी ने देखा। हम लोगों को जोड़ते हैं, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलते हैं। कुछ लोगों का इतिहास ही धोखे का रहा है। आज जमाना सोशल मीडिया का है, आगामी चुनाव भी इसी पर आधारित होंगे। आप सभी लोग सोशल मीडिया का ज्यादा से ज्यादा उपयोग कर सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करायें।
इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि आज प्रदेश की जनता में आक्रोश है, उन लोगों के प्रति, जिन्होंने धोखा कर जनमत से चुनी हुई एक लोकप्रिय सरकार को गिराया। कल होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद उपचुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो जाएंगी। ये चुनाव हमारे लिए चुनौतीपूर्ण हैं। हम सभी लोगों से चर्चा कर इन क्षेत्रों में सबसे बेहतर उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेंगे। आप लोग भी अच्छे उम्मीदवारों को लेकर अपनी राय पार्टी को दें। कोरोना महामारी का दौर खत्म होते ही हम सब लोग इन क्षेत्रों में दौरे करेंगे, बैठकें लेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार फूलसिंह बरैया ने कहा कि यदि भाजपा की चुनावों में जीत होती है तो उसके पीछे कारण, उसका समाज को बांटना है। भाजपा समाज को बांटकर वोटों का धुव्रीकरण कर सत्ता में आती है। आज आवश्यकता है संविधान बचाओ-राष्ट्र बचाओ-भाजपा भगाओ।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवार दिग्विजयसिंह ने कहा कि मुझे राजनीति में आये अगले साल 50 वर्ष पूरे हो जाएगे और कमलनाथ जी से मेरी दोस्ती 40 वर्षों से भी पुरानी है। कई लोगों ने प्रयास किये कि हमारे संबंधों में दरार आये, लेकिन आज तक इसमें कोई सफल नहीं हुआ। कमलनाथ जी ने जिस प्रकार से इतनी कड़ी मेहनत कर मप्र में छिंदवाड़ा माॅडल की तरह बूथ-सेक्टर- मण्डलम स्तर पर संगठन को मजबूत किया, वह काबिलेतारीफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *