पटना, बिहार में अनुमानित समय से तीन दिन पहले मानसून ने दस्तक दे दी है। बिहार के पूर्वी हिस्से के दो जिलों भागलपुर और पूर्णिया में मानसून पहुंचा जहां मानसून की पहली बारिश हुई। इस बार बिहार में अच्छी बारिश की उम्मीद है। इस साल बिहार समेत पूर्वी भारत में 96 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है, जबकि देश में औसत 102 प्रतिशत होने का अनुमान है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने भी इस वर्ष प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार जताए हैं। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में राजधानी पटना में भी मानसून की पहली और अच्छी बारिश होगी। बता दें कि मौसम विभाग द्वारा पटना समेत बिहार के कई अन्य जिलों के लिए भी 17-18 जून को अच्छी बारिश की उम्मीद जताई गई है। दरसअल बिहार में मानसून के समय से पहले आगमन को लेकर पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने भी अनुमान लगा दिया था जिसके बाद ये उम्मीद जताई जा रही थी कि राज्य में दो दिन पहले ही मानसून प्रवेश कर जाएगा। इससे पहले बिहार के किशनगंज- पूर्णिया सहित कई जिलों में बादल छाये हुए थे। इन जगहों पर दोपहर बाद तक बारिश हुई वहीं पटना सहित कई जिलों में शाम से बादल छाए हुए हैं। हालांकि बिहार में मॉनसून के आगमन के बाद अब इसके बेगूसराय, मधुबनी, दरभंगा, पटना, गया और राज्य के अन्य हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। बिहार के कई जिलों में इसे लेकर मौसम विभाग की तरफ से ब्लू अलर्ट भी जारी किया गया है जहां तेज हवा के कारण आंधी-तूफान की संभावना जतायी गई है।
बिहार में समय से तीन दिन पहले मानसून की दस्तक