बांद्रा के घर में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। सुशांत की लाश बांद्रा स्थित उनके घर में पंखे से झूलती मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। बिहार के सहरसा जिले के निवासी सुशांत सिंह राजपूत ने ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के डेली सोप में काम किया था। लेकिन सुशांत सिंह को पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता’ से मिली। धारावाहिक पवित्र रिश्ता के शानदार अभिनय के बाद बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं। काय पो छे! में सुशांत मुख्य अभिनेता थे और उनके अभिनय की काफी तारीफ भी हुई थी। इसके बाद सुशांत ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे थे।
सुशांत सिंह राजपूत ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में भी उनका किरदार निभाया था। मिली जानकारी के अनुसार सुशांत के घर में काम करने वाले एक शख्स ने पुलिस को फोन कर के इसकी जानकारी दी। सुशांत ने एक के बाद एक तेजी से कई फिल्में साइन कर ली थीं। लेकिन उनकी कई फिल्में या तो रिलीज में देरी के चलते पिट गईं या फिर रिलीज ही नहीं हो सकीं। 21 जनवरी 1986 को जन्मे सुशांत ने एमएस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी, केदारनाथ और छिछोरे जैसी फिल्मों में काम किया है। बीते दिनों सुशांत ‌की पूर्व मैनेजर रही दिशा सालिआन ने इमारत से कूदकर जान दे दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *