इन्दौर, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर है। सुशांत सिंह राजपूत का मिनी मुम्बई कहे जाने वाले इन्दौर शहर से गहरा नाता रहा है। कभी वह इन्दौर के दामाद बनने वाले थे, इसकी घोषणा उन्होंने खुद एक शो के दौरान की थी।
दरअसल, इन्दौर की रहने वाली अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के साथ सुशांत सिंह राजपूत काफी दिनों तक लिव इन रिलेशन में रहे थे। इसके साथ ही दोनों ने शादी करने का फैसला भी किया था। सुशांत और अंकिता की शादी दिसंबर 2016 में होनी वाली थी। इन्दौर की अंकिता और सुशांत सिंह राजपूत 2009 में पवित्र रिश्ता सीरियल के जरिए संपर्क में आए थे। उसके बाद दोनों काफी दिनों तक रिलेशन में रहे। सितंबर 2015 में सुशांत सिंह राजपूत ने एक शो में कहा था कि दिसंबर 2016 में वह अंकिता के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उस दौरान सुशांत क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बॉयोपिक में काम कर रहे थे और उसकी शूटिंग में बिजी थे।
ब्रेकअप के बाद रिश्ता खत्म
2016 में ही अंकिता लोखंडे और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का ब्रेकअप हो गया। ब्रेकअप के साथ ही सुशांत सिंह राजपूत का इन्दौर से रिश्ता खत्म हो गया। हालांकि उस समय चर्चा थी कि सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता मर्जी से अलग हुए हैं। सुशांत सिंह राजपूत अपनी एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे के साथ इन्दौर पारिवारिक समारोह में भी आए थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी दुख व्यक्त किया ::
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि
”रहने को सदा दहर में आता नहीं कोई, तुम जैसे गए, ऐसे भी जाता नहीं कोई।” युवा अभिनेता #SushantSinghRajput के ऐसे और असमय दुनिया छोड़कर जाने के समाचार से अत्यंत दु:ख हुआ। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि!