उन्नाव, साल 2013 में उत्तरप्रदेश के डौंडिया खेड़ा में खजाने होने का दावा करने वाले संत शोभन सरकार का निधन हो गया है। शोभन सरकार का प्रभाव उन्नाव और उसके आस-पास के क्षेत्र में अच्छा खासा रहा है। उनके निधन की खबर से उनके भक्तों में शोक की लहर है। उनका आश्रम कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में है। शोभन सरकार ने फतेहपुर के रीवा नरेश राम बख्श के किले में 1000 टन सोने का खजाना दबे होने का दावा किया था। शोभन सरकार ने ये दावा एक सपने के आधार पर किया था। जिसके बाद सरकार ने सोना निकलवाने के लिए उस जगह पर खुदाई भी करवाई, लेकिन दिलचस्प बात ये रही कि वहां कोई खजाना नहीं मिला। इस मामले पर तत्कालीन समय में खूब राजनीति हुई थी। केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच खजाने की बांट को लेकर बयानबाज़ी भी हुई लेकिन खजाना जब नहीं निकला तो दोनों को ही इस मामले पर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। शोभन सरकार के निधन पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शोक जताया है।
डौंडिया खेड़ा में खजाने का दावा कर चर्चा में आये संत शोभन सरकार नहीं रहे, भक्तों में शोक