आज से शुरू हो रही ट्रेनों में अब तक 54,000 लोगों को मिला टिकट

नई दिल्ली, कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए किए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच रेलवे द्वारा 12 मई से चलाई जा रही 15 जोड़ी ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर 11 मई की शाम छह बजे से बुकिंग शुरू हो गई। रात 9.15 बजे तक 30,000 टिकट जेनरेट हुए, जबकि 54,000 से अधिक रेल टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। रेलवे के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। बुकिंग हालांकि शाम चार बजे से ही शुरू होनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से यह दो घंटे विलंब से शुरू हुई। यात्री रेल सेवाओं को धीरे-धीरे खोलने की योजना के तहत रेलवे ने रविवार को 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की थी। ये विशेष ट्रेनें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी और डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नै, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी को जाएंगी। इन ट्रेनों में आरक्षण के लिए बुकिंग आज, 11 मई, से शुरू हो गई हैं। बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए की जा सकती है। आरक्षण के दौरान प्राप्त टिकटों पर ‘क्या करें और क्या ना करें स्पष्ट रूप से लिखा होगा।
7 दिनों के लिए रिजर्वेशन
आईआरसीटीसी का कहना है कि इन ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण अधिकतम सात दिन के लिए होगा। फिलहाल आरएसी और वेटिंग टिकट जारी नहीं होगी। ट्रेन में टीटीई को किसी का टिकट बनाने की अनुमति नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *