मप्र के स्कूल शिक्षा विभाग ने दूरदर्शन संग किया अनुबंध, 10 वीं और 12 वीं के बच्चों की लगेंगी कक्षाएं

भोपाल,प्रदेश के सरकारी स्कूलों के दसवीं व बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए दूरदर्शन के माध्यम से कक्षाएं शुरू होंगी। इसके ‎लिए स्कूल शिक्षा विभाग और दूरदर्शन मप्र के बीच अनुबंध हो चुका है। दूरदर्शन क्लासरूम के नाम से यह कार्यक्रम 11 मई से प्रारंभ होकर 30 जून तक चलेगा। ये कक्षाएं दो पालियों में दो घंटे तक चलेंगी। जल्दी ही कक्षाएं शुरू की जा रही है। सभी जिलों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित होगी। कोरोना संक्रमण की वजह से स्कूलों के बंद होने पर विभाग ने यह पहल की है। दूरदर्शन मप्र पर सोमवार से शुक्रवार तक कक्षा 10वीं के लिए दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम प्रसारित होगा। इसमें एक घंटे का प्रसारण निशुल्‍क होगा, सिर्फ एक घंटे के प्रसारण के लिए विभाग खर्च करेगा। वहीं, दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले डिजिटल कंटेंट को शिक्षकों के लिए भी उपलब्‍ध। कराया जाएगा। इससे ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे जाने वाले सवाल पर समझा सकेंगे। ज्ञात हो कि दूरदर्शन के माध्यम से प्रदेश भर के दसवीं व बारहवीं के करीब 18 लाख विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। विभाग के अधिकारियों का मानना है कि ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों में हर घर में टीवी उपलब्‍ध है। अगर दूरदर्शन के माध्यम से कक्षाएं लगाई जाएं तो सभी वर्ग के विद्यार्थियों को इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा विभाग व्‍हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर रहा है। इसके अलावा पहली से आठवीं कक्षा के बच्चों के लिए रेडियो स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही विभाग स्थानीय केबल के माध्यम से भी कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। इस बारे में डीपीआई आयुक्त जयश्री कियावत का कहना है ‎कि 10वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई शुरू करना जरूरी है। ये दोनों कक्षाएं सबसे महत्वपूर्ण हैं। इन कक्षाओं का कोर्स न पिछड़े, इसलिए दूरदर्शन के माध्यम से इनकी नियमित कक्षाएं 11 मई से शुरू होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *