मुक्केबाज डिंको को एयर एंबुलेंस से इम्फाल से दिल्ली लाया गया

नई दिल्ली, लीवर कैंसर से पीड़ित मुक्केबाज डिंको सिंह को गंभीर हाल तें इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया है। डिंको को स्पाइसजेट के एयर एंबुलेंस के जरिए इम्फाल से दिल्ली लाया गया। लॉकडाउन के कारण डिंको की रेडिएशन थेरेपी नहीं हो पा रही थी। इस कारण उन्होंने भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) से मदद की अपील की थी।
41 साल के डिंको की रेडिएशन थेरेपी दो सप्ताह से नहीं हो पा रही थी जिसके कारण उनकी हालत खराब होती जा रही थी। इसके बाद बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली लाये। बीएफआई अध्यक्ष स्पाइसजेट के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भी हैं। डिंको के साथ उनकी पत्नी नगांगोम बाबाई देवी भी आई हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद डिंको को सीधे एंबुलेंस में ‘इंस्टीट्यूट आफ लीवर एवं बाइलरी साइंसेस’ ले जाया गया। डिंको ने बैंकाक में 1998 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। डिंको की सहायता के लिए मुक्केबाज विजेंदर सिंह सहित कई अन्य खिलाड़ी सामने आये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *