भोपाल, मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक इसके 560 मामले सामने आ चुके हैं। प्रदेश में 43 लोगों की इस कारण जान भी जा चुकी है। इंदौर में 298 पॉजिटिव केस मिले, जिनमें से 32 की मौत हो चुकी है। जबकि 39 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हुए हैं। जबकि राजधानी भोपाल में 135 लोग कोरोना से संक्रमित मिले। इनमें से 2 की मौत हो गई। वहीं, तीन मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं। इसके अलावा मुरैना में 14 पॉजिटिव केस, उज्जैन में 18 मामले सामने आये। इनमें से पांच मरीजों की मौत हो गई। वहीं 3 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। जबलपुर में 10 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से पांच मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
ग्वालियर जिले से राहत भरी खबर आ रही है। यहां कोरोना पॉजिटिव के 6 मामलों की जानकारी मिली। इलाज के दौरान ये मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। शिवपुरी में भी दो कोरोना संक्रमित मरीज भी स्वस्थ्य हो कर अपने घर वापस लौच चुके हैं। जबकि खरगोन में 16 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 2 की मौत हो चुकी है। छिंदवाड़ा में 4 कोरोना पॉजिटिव मरीज? में से 1 की मौत हो चुकी है। इसके अलावा अन्य जिलों जैसे बड़वानी में 14 मामले, विदिशा में 13, बैतूल में 1, होशंगाबाद में 10, श्योपुर में 2, रायसेन में 1, खंडवा में 5, धार में 2, देवास में 3, शाजापुर में 1, सागर में 1, मंदसौर में 1, रतलाम में 1 और सतना अब तक दो कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी मिली है।
-देश में दूसरे स्थान पर पहुंचा इंदौर
देश में प्रति 10 लाख पर मिले पॉजिटिव केस के लिहाज से इंदौर सबसे पहले नंबर पर पहुंच गया है। वहीं दुनिया की बात करें तो इटली का मिलान शहर पहले नंबर पर है। इधर, संक्रमित की मौत के मामले में इंदौर देश में दूसरे नंबर पर है। रविवार कों स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंदौर में दो और कोरोना मृत्यु की पुष्टि की गई है। मृतक संख्या बढ़कर अब 32 हो गई है। सीएमएचओ ने बताया, मौत पहले मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं इंदौर में 7 कोरोना मरीज कोरोना से जंग जीतकर डिस्चार्ज हुए। इन सात मरीजो में पांच इंदौर और दो खरगोन के हैं। शहर में क्लोज कॉन्टेक्ट में कोरोना महामारी फैल रहा है। सिद्धिपुरम में एक ही परिवार के 10 संक्रमित मिलने से चिंता और बढ़ गई है।
-उज्जैन में 7 साल का बच्चा कोरोना पॉजिटिव
शहर में रविवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसके साथ ही जहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। वहीं, अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक ही परिवार के तीन लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। नए मिले मरीजों में एक सात साल का बच्चा है, जबकि दूसरी 65 वर्षीय महिला है। 7 साल का बच्चा कोट मोहल्ला का रहने वाला है, जबकि 65 साल की महिला रामप्रसाद भार्गव मार्ग निवासी है। संक्रमित दोनों लोग कुछ दिन पहले मृत कोरोना पॉजिटिव महिला के परिवार के हैं। प्रशासन ने कोट मोहल्ला और रामप्रसाद भार्गव मार्ग दोनों को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर रखा है। उधर, शनिवार रात एक संदिग्ध महिला की मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
-सतना सेंट्रल जेल में बंद दो पत्थरबाज पॉजिटिव
इंदौर से सतना सेंट्रल जेल भेजे गए दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि सतना सेंट्रल जेल में इंदौर से भेजे गए रासुका के दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव हैं। आईसीएमआर जबलपुर में दोबारा हुई जांच में भी ये दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। अब सतना भी प्रदेश के 23वें जिले के रूप में कोरोना संक्रमित जिलों की सूची में शामिल हो गया है।
– भोपाल में इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बना
कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में 21 दिनों का लॉक डाउन चल रहा है। लॉकडाउन के दौरान स्मार्ट सिटी भोपाल में इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाया गया है। इस कमांड सेंटर से पूरे प्रदेश भर में नजर रखी जा रही है। प्रदेश भर में लोगों को क्या परेशानियां है, उसके समाधान के लिए इस कंट्रोल सेंटर में एक टीम तैनात की गई है। टीम 24 घंटे काम कर रही है। टीम से जुड़े सदस्य लोगों की परेशानियों का तुरंत समाधान करती है। भोपाल के साथ ही साथ पूरे प्रदेश भर में इस कंट्रोल रूम से लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है।
-कमांड सेंटर में दो स्क्रीन लगाई गई
स्मार्ट सिटी के कमांड एवं कंट्रोल रूम में दो बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिसमें एक स्क्रीन से पूरे प्रदेश भर पर नजर रखी जा रही है। पहली स्क्रीन पर सीएम हेल्पलाइन पर जो फोन कॉल आ रहे हैं। वह सीधे इस कमांड सेंटर में कनेक्ट किए जाते हैं। यानी किसी को परिवहन से संबंधित समस्या हो या राशन या फिर स्वास्थ्य संबंधी डॉक्टर ना मिलने की कोई परेशानी हो या कहीं कोई दूसरे राज्य में फंसे होने की समस्या हो।
-सीएम हेल्पलाइन पर आई 18 हजार शिकायतें
अब तक सीएम हेल्पलाइन के तहत यहां पर 18000 से ज्यादा शिकायतें पहुंच चुकी है, जिसमें 17,500 शिकायतों का तुरंत ही निराकरण कर लिया गया है। वहीं दूसरी स्क्रीन पर भोपाल में नजर रखी जा रही है यानी मरीजों की स्थिति क्या है और क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों की स्थिति क्या है दूसरी स्क्रीन से उन तमाम लोगों की परेशानियां भी जानी जा रही हैं।
कोरोना संक्रमण के मप्र में अब 560 मामले और 43 की मौत