बोर्ड परीक्षा के बचे हुए विषयों की मई में होगी परीक्षा फिर जून में आएगा रिजल्ट

भोपाल, कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन की अवधि समाप्त होते ही माध्यमिक शिक्षा मंडल अगले महीने 10वीं व 12वीं के बचे हुए विषयों की परीक्षा लेगा तो जून में विद्यार्थियों को दोनों कक्षाओं का रिजल्ट भी दे दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव लोकेश जाटव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की दोनों कक्षाओं के बचे हुए विषयों की परीक्षा के आयोजन को लेकर मंडल के अधिकारियों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। साथ ही जिन विषयों के पर्चे हो चुके हैं, उनकी कापियों के मूल्यांकन को लेकर किस तरह की मंडल की रणनीति है, इस पर भी बात की। मंडल के अधिकारियों ने बताया कि जिन विषयों की परीक्षा हो चुकी है, उनकी एक से सवा करोड़ कापियों को जांचा जाना है। वहीं 10वीं विषय के एक तो 12वीं के दो विषयों की परीक्षा होना बाकी रह गई है। मंडल ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि समाप्त होते ही मंडल का पूरा अमला बचे हुए विषयों की परीक्षा लेने के लिए तैयार है। संभवत: अगले महीने के पहले सप्ताह से बोर्ड की परीक्षा शुरू होगी। इसके साथ ही कापियों का मूल्यांकन कार्य भी जारी रखते हुए जून माह के अंत तक मंडल दोनों कक्षाओं का रिजल्ट भी घोषित कर देगा।
फीस के लिए दबाव भी जारी
इधर लॉकडाउन के दौरान कुछ स्कूलों ने बच्चों को आनलाइन पढ़ाई भी शुरू करवा रखी है। वहीं कुछ स्कूलों ने बच्चों के पालकों पर अभी से फीस जमा कराने का दबाव भी बनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश सरकार से यह भी मांग की कि जिस तरह राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते बच्चों की दो माह की फीस माफ करने की घोषणा की है, इसी तरह की राहत मध्यप्रदेश के बच्चों को भी दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *