डिंडौरी के संयुक्त कलेक्टर भाजपा नेता से अभद्रता के कारण निलंबित

भोपाल,डिंडौरी जिले के संयुक्त कलेक्टर को एक स्थानीय भाजपा नेता के सा‎थ अभद्रता करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में आमंत्रित सदस्य और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य से अभद्रता और धक्का मुक्की करने पर डिंडौरी के संयुक्त कलेक्टर रमेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त कलेक्टर ने न सिर्फ बैठक में अभद्रता की बल्कि धक्का-मुक्की भी की। उनका यह कृत्य शासन ने सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत माना गया है। निलंबन की अवधि में सिंह आयुक्त कार्यालय जबलपुर में रहेंगे। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उधर, कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन का कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है, इसलिए कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। मालूम हो, डिंडौरी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को लेकर आपदा प्रबंधन की बैठक होनी थी। इसी बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुनील जैन को भी आमंत्रित किया गया था। चार पहिया वाहन पार्किंग को लेकर भाजपा नेता से रमेश कुमार का विवाद हो गया। उन पर आरोप है कि उनके द्वारा सब लोगों के सामने अभद्रता करते हुए डॉ. जैन के साथ धक्का मुक्की तक की गई। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। अपर कलेक्टर रमेश सिंह ने झूमाझपटी करना स्वीकारते हुए यह भी कहा कि उन्हें इस विवाद का कोई खेद नहीं है, उनके द्वारा धारा 144 का पालन कराया गया। इस बारे में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुनील जैन का कहना है कि आपदा प्रबंधन की बैठक में शामिल होने आया था। अपर कलेक्टर द्वारा वाहन खड़ा करने की बात को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया और सभी लोगों के सामने धक्का-मुक्की की गई। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं आरोपी अपर कलेक्टर, डिंडौरी रमेश सिंह का कहना है ‎कि डॉ. सुनील जैन ने जहां कलेक्टर की गाड़ी खड़ी होती है वहां उन्होंने गाड़ी लगा ली थी। लॉकडाउन चल रहा है और धारा 144 लगी है। इस तरह का वॉयलेशन होना उचित नहीं था। मैंने गाड़ी हटाने के लिए कहा। उन्होंने गाड़ी हटाने से मना कर दिया, जिससे बात बढ़ गई। इसी दौरान झूमाझटकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *