भोपाल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को कोरोनावायरस के संक्रमण का दूसरा मामला सामने आया। रविवार को प्रोफेसर कॉलोनी में पॉजिटिव मिली लड़की के पिता में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। लड़की के पिता पत्रकार हैं। वे 20 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इसमें कमलनाथ ने इस्तीफे का ऐलान किया था। इस दौरान यहां दिग्विजय सिंह, कांग्रेस विधायक और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों समेत करीब 200 पत्रकार मौजूद थे। पत्रकार में संक्रमण सामने आने पर कमलनाथ ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।
मध्य प्रदेश के 6 जिलों में संक्रमण पहुंच चुका है। अब तक जबलपुर में 6, इंदौर में 4, भोपाल में 2, उज्जैन, ग्वालियर और शिवपुरी में एक-एक पॉजिटिव केस मिल चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या 15 हो गई है।
इंदौर में अब तक 222 लोग होम क्वारैंटाइन
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 21 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से इंदौर से 13 और आसपास के जिलों के 8 सैंपल हैं। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में इनकी जांच की गई। इंदौर में 222 लोग होम क्वारैंटाइन हैं। इनमें से 14 की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं, 162 लोग ठीक हो गए।
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में 600 बेड रिजर्व रखे गए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां से विदेशी मेहमान लौटे हैं, ऐसे सभी राष्ट्रीय उद्यानों, पर्यटन क्षेत्रों की सघन जांच की जाए। निजी अस्पतालों में उपलब्ध मेडिकल अमले का भी उपयोग करें। दूसरी ओर, प्रशासन ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल को खाली कराने के आदेश दिए हैं। इसमें 600 बैड कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व हैं। अन्य 200 बेड पर अभी मरीज हैं, जिन्हें दो दिन में कहीं और शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके अलावा इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों को महामारी के इलाज का सेंटर बनाया जाएगा।
उधर, कमलनाथ के आइसोलेट होने की खबर का उनके मीडिया कॉर्डिनेटर ने खंडन किया है।
उनके मीडिया कॉर्डिनेटर नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के आइसोलेशन की खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना से बचाव को लेकर पूरी सावधानी बरत रहे हैं। सुरक्षा के नियमों का पालन कर रहे हैं। प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित भी है। वे अपने ऑफिस में काम कर रहे हैं।
मप्र में कोरोना के 15 केस सामने आये, कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ पत्रकार कोरोना पॉजिटिव निकला