मप्र में भाजपा राज्यसभा की दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशी उतारेगी- वीडी शर्मा

भोपाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव मे पार्टी कांग्रेस को वाकओवर नहीं देगी, बल्कि दो सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उनका कहना है कि प्रत्याशी के नामों पर चर्चा के लिए दो तीन दिन में बैठक की जाएगी। शर्मा से जब विधायकों की संख्या के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि चुनाव अभी दूर है। इस बारे में केंद्रीय नेतृत्व से बाते करेंगे।
उनका कहना है कि चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं की जल्दी बैठक भी होने वाली है। पार्टी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर तय कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे। पार्टी ने अभी यह भी तय नहीं किया है कि राज्यसभा के मौजूदा सांसदों प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया को फिर से मौका दिया जाएगा अथवा नहीं। उनका कहना है कि सबकुछ बैठक और केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा करने के बाद तय होगा। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। मध्यप्रदेश के हिस्से की तीन सीटें खाली होने वाली हैं। इनमें से दो सीटें वर्तमान में भाजपा के खाते में हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया और प्रभात झा का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। तीसरी सीट कांग्रेस के खाते में हैं। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह का कार्यकाल भी समाप्त होने जा रहा है। विधायकों की मौजूदा संख्या के हिसाब से इस बार दो सीटें कांग्रेस और एक सीट भाजपा के हिस्से में जा सकती है। चूंकि भाजपा के हिस्से की दो सीटें खाली हो रही हैं, इसलिए पार्टी दोनों सीटों पर अपने उमीदवार उतारने का मन बना चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *