हमारी पार्टी संगठन को सत्ता से ऊपर मानती है, कांग्रेस सरकार को मजबूर करेंगे जनता से वादे पूरे करो- उमा भारती

भोपाल,कांग्रेस ने जो वादे प्रदेश की जनता से किए थे, वह उसकी सरकार ने पूरे नहीं किए। जिसके कारण लोग अपने को ठगा और छला हुआ महसूस कर रहे हैं। प्रदेश की जनता के साथ छलावा हुआ है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है, थाने के बाजू में ही मर्डर हो रहे हैं। इससे बुरी हालत प्रदेश की और क्या हो सकती है। हमने लंबे समय तक बिना सत्ता में रहे जनता के हितों के लिये संघर्ष किया है, काम किए, लड़ाईयां लड़ीं, मकसद हासिल किए, लक्ष्य प्राप्त किए हैं। हमने विपक्ष में रहते हुए भी जनता के हित के लिए फैसले करवाए हैं। हम आज सत्ता में नहीं हैं, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इस बात के लिए मजबूर कर देंगे कि वह जनता से किए गए वादों को पूरा करे। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री उमा भारती ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कही। सुश्री उमा भारती ने इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का तिलक लगाकर अभिनंदन किया।
संगठन को सत्ता से ऊपर मानती है हमारी पार्टी
उमा भारती ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संगठन और सरकार दोनों का नेता होता है। अध्यक्ष की भूमिका में सभी नेतृत्व निहित होते हैं, चाहे वह सरकार का नेतृत्व हो या संगठन का नेतृत्व हो। नेतृत्व के पीछे कोई एक भाव निहित नहीं होता, उसके पीछे संपूर्ण भाव निहित होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी संगठन को सत्ता से ऊपर मानती है। भारत में मध्यप्रदेश को संगठन का राज्य माना गया है, क्योंकि यहां संगठन ने ही राज किया है और सारे फैसले संगठन ने ही लिए हैं। यहां के कार्यकर्ताओं की क्षमता बहुत बड़ी है। कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयराजे सिंधिया जैसे नेताओं की तपस्या के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि अब ऐसा व्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष बना है, जो उन्हीं नेताओं की परंपरा की सुगंध और शौर्य अपने में समेटे हुए है।
नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी पार्टी
सुश्री उमा भारती ने कहा कि कमलनाथ सरकार द्वारा जनता से किए गए वादे पूरे कराना हमारे लिये एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सक्षम नेता हैं। वह एक कुशल संगठक और प्रचंड जनाधार वाले नेता हैं। उनकी पृष्ठभूमि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की रही है, जिसमें संघर्षों व आंदोलनों की ही भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी को शुभकामनाएं देने आई हॅू कि पार्टी को एक कुशल और क्षमतावान नेता मिला है, जिनकी सहजता और सादगी में बनावट नहीं है, वह स्वाभाविक हैं। सुश्री उमा भारती ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा अपने शौर्य, बुद्धि, विवेक, संगठन क्षमता सभी का करेंगे जिससे हमारा मध्यप्रदेश पुनः उसी सौपान को प्राप्त करेगा। हमारी पार्टी नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *