कल पदभार ग्रहण करेंगे नवागत प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा, सामने होगी दो ‘उपचुनाव जीतने की चुनौती

भोपाल, भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (वीडी)सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण करने के साथ ही शर्मा संगठन की जिम्मेदारी आ जाएगी। शर्मा के सामने निकट भविष्य में होने वाले दो विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलाना बड़ी चुनौती है। खास बात यह है कि एक विधानसभा सीट जौरा उनके गृह जिले मुरैना में है। जबकि दूसरी विधानसभा सीट आगर-मालवा है। जो पिछले महीने भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल के निधन से खाली हुई है। भाजपा के कब्जे वाली सीट को बचाना भी वीडी के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी। संभवत: मार्च में वे अपनी नई टीम का ऐलान कर देंगे।
मुरैना जिले की जौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रहे बनवारी लाल शर्मा का बीमारी के चलते 21 दिसंबर 2019 को निधन हो गया था। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने इस सीट को रिक्त घोषित किया। पिछले महीने 30 जनवरी को आगर-मालवा विधायक मनोहर ऊंटवाल का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। दोनों सीट खाली हैं। चुनाव आयोग द्वारा दोनों सीटों पर उपचुनाव का कभी भी ऐलान किया जा सकता है। उपचुनाव के लिए कांग्रेस एवं भाजपा ने जमावट शुरू कर दी है। चूंकि भाजपा विपक्ष में है और संगठन में बड़ा बदलाव हुआ है, ऐसे में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने आगर-मालवा सीट बचाना और जौरा सीट में पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाना किसी चुनौती से कम नहीं है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रहते शर्मा की संगठना क्षमता की यह पहली बड़ी परीक्षा होगी। शर्मा अभी तक मप्र भाजपा के प्रदेश महासचिव की भूमिका निभा रहे थे।
मुरैना से खुद चुनाव लडऩा चाहते थे वीडी
वीडी शर्मा का संघ और भाजपा में मजबूत पकड़ है। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी ने उन्हें बुंदेलखंड की खजुराहो सीट से चुनाव लड़ाया। यह क्षेत्र शर्मा के लिए नया था, इसके बावजूद भी उन्होंने खजुराहो लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी को 4 लाख 92 हजार रिकॉर्ड मतों से हराया था। इस जीत के पीछे शर्मा की संगठन क्षमता, कार्यकर्ताओं पर पकड़ और खुद का टीम वर्क है। मूलत: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप)से भाजपा में आए वीडी शर्मा के पास अपनी खुद की मजबूत टीम हैं। इसी टीम के बलबूते पर वे किसी भी सीट से चुनाव जीतने का दावा करते हैं। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में वीडी शर्मा ने भोपाल की गोविंदपुरा, हुजुर और मुरैना सीट से टिकट का दावा किया था। लोकसभा चुनाव में उनका नाम विदिशा, मुरैना के चला, लेकिन भाजपा नेताओं की आपसी गुटबाजी के बाद शर्मा को खजुराहों से चुनाव मैदान में उतारा गया था, जहां उन्होंने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की।
शर्मा की टीम में बढ़ेगा अभाविप का दबदबा
वीडी शर्मा लंबे समय तक अभाविप के संयोजक रहे हैं। उनकी देश भर में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम है। भाजपा सरकार के समय भी उन्होंने शिक्षी नीति को लेकर विरोध दर्ज कराया था। शर्मा की टीम में अभाविप की पृष्ठभूमि की भाजपा नेताओं को ज्यादा तवज्जो मिलेगी। शर्मा जब मप्र भाजपा में सक्रिय हुए, तब उन्होंने अभाविप के अभिलाष पाण्डेय को भाजयुमो का प्रदेशाध्यक्ष बनवाया। फिर अभिलाष की टीम में अभाविप की पृष्ठभूमि के कार्यकर्ताओं को ज्यादा तवज्जो मिली थी। शर्मा की टीम में भाजयुमो अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय को जगह मिलना तय है।
आज पदभार ग्रहण करेंगे
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा 17 फरवरी को शाम 4 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत मप्र भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *