बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन पर प्रतिबंध के आसार, भारत दौरे से हो सकते हैं बाहर

ढाका,बांग्लादेश के टेस्ट और टी-20 टीम के कप्तान शाकिब अल हसन पर भ्रष्टाचार के मामले में प्रतिबंध लग सकता है। अगर ऐसा हुआ तो यह बांग्लादेश के लिए करारा झटका होगा। माना जा रहा है कि शाकिब को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के निर्देश पर भारत दौरे से बाहर रखा गया है। वहीं स्थानीय मीडिया का दावा है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में इस ऑलराउंडर पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी चल रही है। शाकिब को आईसीसी द्वारा 18 महीने के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है। भारत दौरे पर बांग्लादेश की टीम तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। यह दौरा 3 नवंबर से शुरू होना है।
वहीं आईसीसी ने फिलहाल इस मामले में कोई भी बयान नहीं दिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार दो साल पहले एक अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले शाकिब को बुकी का प्रस्ताव मिला था पर उन्होंने आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) को इस संबंध में कुछ भी जानकारी नहीं दी थी। शाकिब ने हाल ही में एसीएसयू के जांच अधिकारियों के समक्ष यह स्वीकार भी किया है। इसको देखते हुए शाकिब के भारत के दौरे के लिए उपलब्ध रहने पर अनिश्चितता बनी हुई है। टीम बुधवार को भारत के लिए रवाना होने वाली है और शाकिब दौरे का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में मुश्फिकुर रहीम टेस्ट जबकि महमदूल्लाह तीन टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में कप्तान बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *