राजस्थान के शेखावाटी इलाके में भीषण सड़क हादसे में सीकर के 7 लोगों की मौत

चुरू, राजस्थान के शेखावाटी इलाके में सोमवार को घने कोहरे की वजह से तेज रफ्तार कार और एक ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल है। यह हादसा चुरू में नेशनल हाईवे-58 पर हुआ। ट्रक और कार के बीच भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 8 लोगों में से 7 की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सालासर पुलिस मौके पर पहुंची और एक घायल को अस्पताल पहुंचाया। कार सवार लोग सीकर के रोलसाहबसर से चूरू के सुजानगढ़ की ओर जा रहे थे।
ट्रक और फॉर्च्यूनर कार के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद लोगों के शव कार से बड़ी कठिनाई के बाद निकाले जा सके। पुलिस ने बताया कि इस इलाके में सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान कार तेज गति से एक वाहन को ओवरटेक करती हुई आगे बढ़ी और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। ट्रक में भूसा भरा हुआ था। हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों में पांच रोलसाहबसर के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें सभी उम्र करीब 20 से 35 साल थी। हादसे के शिकार युवकों की पहचान इमरान खान, गाजी खान, इमरान खान, इकबाल, इस्लाम खा रोलसाहेबसर के रूप में और रफीक और बाबू खान फतेहपुर निवासी के रूप में हुई। इस हादसे में घायल हुए हेतमसर गांव के 32 वर्षीय खुशी मोहम्मद को गंभीर हालत में सीकर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में से कुछ का क्रिमनल रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है। हादसे में मारे गए युवकों में पांच एक ही गांव के रहने वाले थे। सीकर के रोलसाहबसर और हेतमसर गांव में हादसे की सूचना के बाद शोक की लहर दौड़ पड़ी। उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे को लेकर ट्वीट कर दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *