संजय राउत का दावा इंदिरा गांधी मुंबई में पुराने डॉन करीम लाला से मिलने आती थीं

पुणे, शिवसेना के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बुधवार को दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी मुंबई में पुराने डॉन करीम लाला से मिलने आती थीं। राउत ने मुंबई में अंडरवर्ल्ड के दिनों को याद करते हुए कहा कि दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और शरद शेट्टी जैसे गैंगस्टर महानगर और आस-पास के क्षेत्रों पर नियंत्रण रखते थे।
संजय राउत ने पुणे में एक पुरस्कार समारोह के दौरान एक मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में कहा कि वे (अंडरवर्ल्ड के लोग) तय करते थे कि पुलिस कमिश्नर कौन बनेगा और मंत्रालय (सचिवालय) में कौन बैठेगा। राउत ने दावा किया कि हाजी मस्तान के मंत्रालय में आने पर पूरा मंत्रालय उसे देखने के लिए नीचे आ जाता था। इंदिरा गांधी पाइधोनी (दक्षिण मुंबई में) में करीम लाला से मिलने आती थीं।
ज्ञात रहे कि शिवसेना ने पिछले साल महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई है। 1960 के दशक से 1980 के दशक तक मुंबई में शराब की तस्करी, जुआ और जबरन वसूली रैकेट चलाने वाले लाला की 2002 में मृत्यु हो गई। शिवसेना नेता राउत ने कहा, ‘वे अंडरवर्ल्ड के दिन थे। बाद में हर कोई (डॉन) देश छोड़कर भाग गया। अब ऐसा कुछ नहीं है।’ करीम लालाअब्दुल करीम शेर खान का जन्म अफगानिस्तान में हुआ था। करीम लाला के नाम से मशहूर करीम शेर खान 1930 में मुंबई आया था। मुंबई में उसने सोने, चांदी और हथियारों की स्मगलिंग का एक ऑर्गनाइज़्ड धंधा शुरू किया। कुछ समय बाद वह सट्टेबाजी और ड्रग्स रैकेट के क्षेत्र में भी उतर आया। मुंबई में लाला की बादशाहत 1970 तक रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *