प्रिंस हैरी और मेगन के स्टैचू को मैडम तुसाद म्यूजियम ने रॉयल फैमिली से अलग किया

लंदन, शाही विरासत छोड़ने के फैसले के बाद लंदन स्थित मशहूर मैडम तुसाद म्यूजियम ने प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के स्टैचू को रॉयल फैमिली से अलग कर दिया है। दरअसल ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने शाही पद छोड़ने की घोषणा की है। रॉयल कपल ने कहा था कि वे अब आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने की दिशा में काम करना चाहते है। रॉयल कपल के फैसले का ब्रिटेन की मीडिया में भी विरोध हुआ था।बताया जा रहा है कि म्यूजियम ने शाही दंपती के फैसले से नाराजगी जताते हुए पुतले अलग रखे हैं। इससे पहले दोनों के पुतले महारानी एलिजाबेथ, प्रिंस फिलिप, प्रिंस चार्ल्स, प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन के साथ अलग केबिन में रखे जाते थे।
प्रिंस हैरी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पोते हैं। प्रिंस हैरी और मेगन ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा बयान जारी कर कहा था,महारानी (एलिजाबेथ), कॉमनवेल्थ और सहायकों के प्रति अपना कर्तव्य जारी रखते हुए अब हम यूनाइटेड किंगडम और उत्तरी अमेरिका के बीच अपना टाइम स्पेंड करने की योजना बना रहे हैं। वर्तमान में हैरी (35) ब्रिटिश राज सिंहासन के लिए छठे नंबर पर हैं। मीडिया में अटकलें है कि हैरी और मेगन (38) ने कनाडा में छह हफ्ते की छुट्टी से इस महीने अपनी वापसी के बाद से सार्वजनिक जीवन से अलग होने का फैसला किया है। पिछले साल प्रिंस हैरी ने अपने बड़े भाई प्रिंस विलियम से मीडिया में आई मनमुटाव की बात मानी थी। हैरी और मेगन दोनों के कुछ ब्रिटिश अखबारों से तनावपूर्ण संबंध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *