कल शपथ लेंगे हेमंत सोरेन साथ में रामेश्वर व स्टीफन के भी शपथ लेने की उम्मीद

रांची, झारखंड में 11वें मुख्यमंत्री के रूप में कल 29दिसंबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन शपथ लेंगे। हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और झामुमो के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी के भी शपथ लेने की संभावना है। हालांकि अब तक राजभवन या झामुमो की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि कल किन-किन दलों के कौन-कौन विधायक मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में रामेश्वर उरांव के मंत्री के रूप में शपथ लिये जाने की बात स्वीकार की है। रामेश्वर उरांव इस बार लोहरदगा विधानसभा सीट से चुनाव जीत कर आये है। उन्होंने लोहरदगा में भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत को पराजित किया।
वहीं झामुमो के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी सातवीं बार इस बार महेशपुर विधानसभा सीट से चुन कर आये है। इससे पहले भी वे झामुमो नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री और मंत्री का पद संभाल चुके है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का विस्तार अब 14 जनवरी के बाद होने की संभावना है। इससे पहले नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो जाएगा और नयी सरकार द्वारा विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *