कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में टूटा 118 साल का रिकॉर्ड

भोपाल/नई दिल्ली, पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की सर्दी और शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली में लगातार लुढ़कते पारे के साथ कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 2.4 डिग्री पर पहुंच गया। कुछ घंटों बाद पारा 1.7 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 118 साल में ये दूसरा दिसंबर है, जब दिल्ली में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे पहले 1997 में इतनी लंबी ठंड पड़ी थी। राजधानी में बीती रात न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इसके अलावा दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम में भी सर्दी से लोग ठिठुरे पड़े हैं। वहीं, दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा।
अभी और बढ़ सकती है ठंड
दिल्ली के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में 1997 के बाद से अब तक दिसंबर के महीने में सबसे लंबी अवधि वाले ठंडे दिन रिकॉर्ड किए गए हैं। इससे पहले 1997 में ऐसा हुआ था जब लगातार 17 दिन कड़ाके की सर्दी पड़ी थी. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर में औसत अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम 1919, 1929,1961 और 1997 में रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में आने वाले दिनों में पारा और गिर सकता है। इसके कारण ठंड ज्यादा बढ़ सकती है। साथ ही मौसम विभाग के जरिए बारिश का अनुमान भी लगाया गया है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बारिश हो सकती है। दिसंबर के आखिरी महीने में इस साल औसत अधिकतम तापमान अब तक 19.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह दिसंबर 31 तक 19.15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक इससे राहत की उम्मीद भी नहीं है। अगले 2-3 दिनों में तापमान गिरने और सर्दी बढऩे की आशंका है।
पहाड़ों पर माइनस 30 डिग्री पारा
वहीं, पहाड़ों पर तापमान माइनस 20 से माइनस 30 डिग्री तक लुढ़क चुका है. उत्तराखंड, कश्मीर और हिमाचल में भीषण बर्फबारी हो रही है तो दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *