CAA पर देश भर में विरोध प्रदर्शन योगेंद्र यादव, सीता राम येचुरी, रामचंद्र गुहा और संदीप दीक्षित गिरफ्तार

नई दिल्ली,नागरिकता कानून के खिलाफ आज सभी वामदल और मुस्लिम संगठन ने भारत बंद का आयोजन किया है। यूपी-बिहार से लेकर बेंगलुरु में इसका असर देखने को मिल रहा है। लेफ्ट पार्टियों के इस भारत बंद को विपक्ष का भी समर्थन प्राप्त है। वहीं उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए धारा 144 लागू की गई है। आज दिल्ली में सुबह 11 बजे लालकिला से शहीद पार्क तक प्रदर्शन किया गया, जिसमें विभिन्न छात्र संगठनों के अलावा सामाजिक संगठन ने हिस्सा लिया।
यूपी में धारा 144 लागू
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ समाजवादी पार्टी समेत कई संगठनों ने प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसी बीच उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश सिंह ने कहा है कि पूरे प्रदेश में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के मद्देनजर किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। डीजीपी ओपी सिंह ने ट्वीट करके कहा, पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू है। 19 दिसंबर को किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
सपा का प्रदेश व्यापी प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी के मुताबिक, नागरिकता कानून, प्रदेश में बेटियों पर बढ़ते अत्याचार, प्रदेश सरकार की किसान विरोध नीति, बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और कमरतोड़ महंगाई के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन की तैयारी है।
बिहार में प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन
बिहार के दरभंगा में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोकी। छात्र संगठनों ने कई मुद्दों को लेकर बिहार बंद आह्वान किया है। इस बंद में 11 छात्र संगठन शामिल हैं। राजनैतिक दलों द्वारा बिहार बंदी का आह्वान को देखते हुए जिला प्रशासन ने 50 मजिस्ट्रेट और दो सौ पुलिस बल की तैनाती की है।
बेंगलुरु में आज से तीन दिनों के लिए धारा-144
बेंगलुरु में तीन दिनों के लिए धारा 144 लागू है। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने बताया कि अगले 3 दिनों के लिए गुरुवार सुबह 6 बजे से पूरे बेंगलुरु में धारा 144 लागू की जाएगी। संगठनों ने गुरुवार सुबह 11 बजे बेंगलुरु के टाउन हॉल में विरोध-प्रदर्शन की योजना बनाई है।
इसी बीच दिल्ली में प्रदर्शन में कर रहे योगेंद्र यादव को लाल किले से हिरासत में लिया है। इस बारे में योगेंद्र यादव का कहना है कि पुलिस ने 1000 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व नेता उमर खालिद को भी दिल्ली पुलिस ने लाल किला से हिरासत में लिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी मंडी हाउस के पास नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने उन्हें मंडी हाउस से हिरासत में लिया है। दूसरी ओर बंगलूरू में प्रदर्शन कर रहे इतिहासकार रामचंद्र गुहा को भी बंगलूरू पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस कानून का विरोध करते हुए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आए है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, उनकी पत्नी मोना समेत कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *