भोपाल, मप्र भाजपा संगठन में मंडल और जिला अध्यक्षों के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए कवायद तेज हो गई है। पर्यवेक्षक एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर नेताओं से अलग-अलग रायशुमारी कर रहे हैं। राम माधव ने कल इंदौर में भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं से मिलकर प्रदेश अध्यक्ष को लकर उनकी राय जानने की कोशिश की। भाजपा सूत्रों के अनुसार राम माधव ने इंदौर में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के अलावा कोर ग्रुप के सदस्यों कृष्ण मुरारी मोघे, राजेंद्र शुक्ला, जयंत मलैया एवं लालसिंह आर्य से अलग-अलग चर्चा की और प्रदेश अध्यक्ष कौन होना चाहिए, इसको लेकर उनकी राय जानी।
इनसे भी करेंगे रायशुमारी
राम माधव इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से चर्चा करेंगे और प्रदेश अध्यक्ष को लेकर इन नेताओं से रायशुमारी करेंगे।
राकेश सिंह को लेकर विरोध
भाजपा सूत्रों के अनुसार फिलहाल भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आसान नहीं होगा। दिग्गजों में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बेजा खींचतान है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का पार्टी के भीतर विरोध हो रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि राकेश सिंह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को समय नहीं देते हैं। इसके अलावा उन्हें मीडिया से मिलना भी पसंद नहीं है। इस वजह से कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी का अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति बने जो समय-समय पर उनसे मिले और जमीर्नी स्तर पर होने वाली दिक्कतों का पार्टी हित में निराकरण कर सके।
ये हैं दावेदार
मौजूदा अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह व रामपाल सिंह, राज्यसभा सदस्य प्रभात झा, सांसद वीरेंद्र खटीक एवं बीडी शर्मा आदि प्रमुख दावेदार है। इधर,शिवराज सिंह खुद न बन पाने की स्थिति में भूपेंद्र सिंह का नाम आगे कर सकते हें। संघ से बीडी शर्मा को भी प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
मप्र भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के लिए रायशुमारी शुरू, कोर ग्रुप के नेताओं से राममाधव ने किया अलग-अलग मंथन