एमपी में उत्तर भारत से आ रही हवाओं ने ठंड से सिहरन बढ़ाई

भोपाल, राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के झोंकों ने सिहरन बढ़ा दी है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपनी आगोश में समा लिया है। धीरे-धीरे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। इसी क्रम में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को ग्वालियर का तापमान 6 डिग्रीसे. दर्ज किया गया,जो प्रदेश में सबसे कम रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्रीसे.दर्ज हुआ। जो कि सोमवार के न्यूनतम तापमान (15.4) के मुकाबले एक डिग्रीसे.कम है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला 8-9 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में जबरदस्त ठंड शुरू हो गई है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी इलाके में सिहरन बढ़ाना शुरू कर दिया है। जिसके चलते प्रदेश में भी रात के तापमान में लगातार गिरावट होने लगी है।
मौसम विज्ञानी शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी हवा से ग्वालियर,चंबल संभाग में तो रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हो रही है,लेकिन मालवा क्षेत्र में रात के तापमान बढ़े हुए हैं। दरअसल प्रदेश में आ रही उत्तरी हवा की दिशा बाद में बदलकर पूर्वी हो जा रही है। इस वजह से अभी मालवा क्षेत्र में अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ रही है।शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। करीब 12 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवा के कारण ठंड बढ़ने लगी है। यह सिलसिला अगले 4 दिन तक जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे एक बार फिर रात के तापमान में इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *