पटना, पूरे देश में इन दिनों प्याज की कीमतों में बढ़त देखने को मिल रही है। मोदी सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी आमजन पर प्याज की बढ़ी हुई कीमतों की मार पड़ रही है। प्याज की महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। इस पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर नरेंद्र मोदी और नीतिश सरकार पर निशाना साधा है।
लालू ने प्याज की कीमतों में आई उछाल पर केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान को भी घेरा है। लालू यादव ने ट्वीट कर कहा कि मोदी, पासवान और नीतीश राज में पियजवा अनार हो गइल। लालू यादव का इशारा था कि प्याज की कीमतें अनार की कीमतों के करीब पहुंच गई है।
इसी बीच प्याज की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी मोदी सरकार को घेरा है। आप नेता संजय सिंह ने कहा कि प्याज की बढ़ती कीमतों पर देश की जनता प्याज के आंसू रो रही है। इस देश में 130 रुपये प्रति किलो प्याज खरीदनी पड़ रही है। प्याज की बढ़ती कीमतों के लिए बीजेपी शासित केंद्र सरकार जिम्मेदार है। केंद्र की सरकार कालाबाजारियों से क्या संबंध है, इसका जवाब दें।
पासवान और नीतीश राज में पियजवा अनार हो गइल
