जुआरियों की धरपकड़ से मची अफरा-तफरी, नदी में कूदे एक युवक की मौत

बिलासपुर, मस्तूरी थानांतर्गत ग्राम कुटेला में पुलिस ने बड़े फड़ में छापा मारा। पुलिस को देखकर जुआरी भागने लगे। एक जुआरी भागते हुए पकड़े जाने के डर से अरपा नदी में कूद गया। डूब रहे जुआरी को बचाने नदी में दो आरक्षकों ने छलांग लगाई और बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मस्तूरी पुलिस को शुक्रवार को दोपहर मुखबिर से थाने में सूचना मिली कि ग्राम कुटेला खार में बड़ा फड़ चल रहा है। पुलिस टीम ने दोपहर साढ़े ३ बजे फड़ में दबिश दी। पुलिस कर्मियों को देखकर जुआरी भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर ८ जुआरियों को पकड़ा। जुआरियों से पुलिस ने ८९०० रुपए जब्त किए। भाग रहा एक जुआरी ग्राम पकरिया निवासी सुभाष सिंह पिता घनसिंह (२७) पकड़े जाने के डर से अरपा नदी में कूद गया। सुभाष को तैरना नहीं आता था। वह डूबने लगा। इसी बीच एक ग्रामीण ने युवक के डूबते देखकर शोच माचाया। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। दो आरक्षकों ने युवक को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। आरक्षकों ने जैसे-तैसे सुभाष को बाहर निकाला। उसे पुलिस पेट्रोलिंग से मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शाम करीब ७ बजे बिलासपुर से पुलिस अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को मस्तूरी थाना व ग्राम कुटेला भेजा गया। देर रात तक गांव में पुलिस ग्रामीणों को घटना के संबंध में समझाइश देती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *