झारखंड में नक्सली हमले में चार पुलिसकर्मी शहीद

रांची, झारखंड के लातेहार में शुक्रवार रात नक्सली हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और एक घायल पुलिसकर्मी ने भी दम तोड़ दिया है। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे हथियारबंद नक्सलियों ने पुलिस पार्टी के वाहन पर हमला कर दिया। जिस वक्त हमला हुआ, तब चंदवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पुलिसकर्मी आधिकारिक वाहन से जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने अचानक से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले के लिए वे बिल्कुल भी तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि मारे गए पुलिसकर्मियों में एक सब इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी है। शहीद हुए पुलिसकर्मियों में एक एसआई और तीन जवान शामिल हैं। सब इंस्पेक्टर का नाम सुकिया उरांव बताया गया है। इसी साल जून में झारखंड के सरायकेला-खरसावां में भी नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया था। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। हमले में होमगार्ड के भी कुछ कर्मी घायल हुए हैं।
नहीं मिला संभलने का मौका
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नक्सलियों ने आज अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 22 पर लुकिया मोड़ में पुलिस की पीसीआर वैन पर गोलियों की बौछार कर दी। इस हमले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) और तीन होमगार्ड जवान शहीद हो गए वहीं एक जवान लापता हो गया था जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। शहीद एएसआई की पहचान सुकरा उरांव के रूप में की गई है, जबकि हमले में शहीद तीनों होमगार्ड जवानों की पहचान सिकंदर सिंह, जमुना प्रसाद और शंभू प्रसाद के रूप में की गई है।
हथियार भी लूटकर ले गए नक्सली
स्थानीय पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए। खुफिया सूत्रों ने यह भी बताया है कि आज इस इलाके में तीन से चार दर्जन माओवादियों की उपस्थिति की सूचना भी थी फिर भी सुरक्षा में चूक बेहद गंभीर मामला है। इस बीच मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लातेहार घटना की निंदा करते हुए शहीद हुए जवानों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है और कहा है कि इन जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *