बरेली, यूपी के बरेली जिले के थाना भुता एरिया में बुधवार देर शाम एक भीषण सड़ाक हादसे में ट्रक ने मोटरसाइकिल और एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बारे में बरेली देहात के पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि जिले के थाना भुता क्षेत्र अंतर्गत देर शाम बीसलपुर से बरेली की ओर जा रहे एक ट्रक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर एक कार को टक्कर मार दी, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मरने वालों में कार सवार शमा (22), सीवा (28), हुसैन नामक बच्चा (छह माह), रहमत बी (40), इस्मा (10), अजमत (42), और वैन ड्राइवर यूनुस (25) शामिल है। इसके अलावा मोटरसाइकिल सवार रिचा (27) भी मृतकों में शामिल है। दुर्घटना में चार लोग घायल भी हुए हैं। बरेली के एसपी देहात ने बताया कि घायलों को स्थानीय पुलिस द्वारा बरेली में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक फरार हो गया, जिसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यूपी के बरेली में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत, चार घायल