मुंबई, पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल की कंपनी के दाऊद इब्राहिम के एक सहयोगी के साथ फाइनैंशल और लैंड डील करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय जांच कर रहा है। आरोप है कि एनसीपी नेता की फैमिली की ओर से प्रमोटेड कंपनी और मिर्ची के नाम से कुख्यात दिवंगत इकबाल मेमन के बीच फाइनैंशल डील हुई थी। पटेल फैमिली की ओर से प्रमोटेड कंपनी मिलेनियम डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और मिर्ची फैमिली के बीच हुए लीगल अग्रीमेंट की ईडी की ओर से जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस डील में पटेल फैमिली की कंपनी मिलेनियम डिवेलपर्स को मिर्ची फैमिली की ओर से एक प्लॉट दिया गया था। यह प्लॉट वर्ली में नेहरू प्लैनेटेरियम के सामने प्राइम लोकेशन पर मौजूद है। इसी प्लॉट पर मिलेनियम डिवेलपर्स ने 15 मंजिला कमर्शल और रेजिडेंशल इमारत का निर्माण किया है। इसका नाम सीजे हाउस रखा गया है।
11 जगहों पर छापेमारी से मिले अहम दस्तावेज
बीते दो सप्ताह में मुंबई से लेकर बेंगलुरु तक में 11 जगहों पर छापेमारी के दौरान बरामद किए गए दस्तावेजों के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय जांच में जुटा है। डिजिटल सबूत, ईमेल और डॉक्युमेंट्स को सीज किए जाने के बाद एजेंसी ने अब 18 लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। इनमें से एक दस्तावेज वह भी है, जिसके मुताबिक पटेल फैमिली की कंपनी को ट्रांसफर हुआ प्लॉट पहले इकबाल मेमन की पत्नी हजरा मेमन के नाम पर था।
प्रवर्तन निदेशालय ने दाऊद के साथ प्रफुल्ल की लैंड डील मामले की जाँच शुरू की