बिग बॉस के घर में शादी नहीं रचाएंगी रश्मि देसाई, अरहान के भी घर में प्रवेश के कयास

मुंबई, हाल ही में शुरु हुए ‘बिग बॉस’ के नए इस सीजन में आई रश्मि देसाई के घर के अंदर शादी करने की अफवाहों को उन्होंने बकवास बताया है। एक रिपोर्ट में ऐसी सूचना दी गई थी कि ‘उतरन’ अभिनेत्री रश्मि अपने बॉयफ्रेंड अरहान खान के साथ घर के अंदर शादी कर सकती हैं। बता दें कि शो का पहला एपिसोड रविवार को प्रसारित हुआ था। इसमें रश्मि ने जहां रविवार को घर के अंदर प्रवेश किया है, वहीं ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अरहान भी कुछ सप्ताह के बाद कथित तौर पर घर में प्रवेश करेंगे। इस बारे में रश्मि ने कहा, “मैं वास्तव में जानना चाहती हूं कि ऐसी अफवाहें कौन फैला रहा है। मैं जिम्मेदार एक महिला हूं और मुझे पता है कि निर्णय कैसे लिया जाता है। मुझे समझ नहीं आता है कि आखिर कुछ लोग ऐसा क्यों करते हैं। यह बहुत ही बकवास अफवाह है। उन्होंने कहा कि शादी काफी खूबसूरत चीज होती है। अगर मैं शादी करती हूं, तो मैं लोगों को अच्छी तरह से सूचित करुंगी। मैं कोई अपराध नहीं कर रही हूं।” वहीं घर में प्रवेश करने को लेकर रश्मि ने कहा कि वे काफी घबराई हुई हैं, वहीं वह उत्साहित भी हैं। हालांकि अभिनेत्री ने यह भी बताया कि घर के अंदर जाना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “वहां जाना आसान नहीं होगा, लेकिन मेरा मानना है कि मेरी यात्रा मजेदार होगी। इस शो के प्रतिभागी रह चुके लोगों ने बताया कि जब आप शो में जाओगी तो आप अपने मूड स्वींग्स और अपनी भावनाओं पर काबू करना सीख जाओगी। मेरे ख्याल से वो शानदार चीज होगी। ये आपको मजबूत इंसान बनाएगी।” वहीं, घर के अंदर नए दोस्त बनाने के सवाल पर रश्मि ने कहा, “वहां मैं उनसे मिलने वाली हूं, जिन्हें मैं नहीं जानती हूं और न जिनसे मैंने पहले कभी बात की है। ऐसे में मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं है कि वहां मेरे नए दोस्त बनेंगे या नहीं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *