अंग्रेजों ने हमें छोड़ा था बुरे हाल में, नया भारत बनाना थी बड़ी चुनौती- शशि थरूर

इन्दौर,भारत को अपनी प्राचीन सभ्यताओं के लिए पहचाना जाता है। मगर जब अंग्रेजों ने देश को स्वतंत्रता दी तो हमारी हालात बहुत खराब थी। ऐसे हालात में नए भारत का निर्माण करना चुनौती थी। हमने बहुत क्षेत्रों में सफलता हासिल की है, लेकिन अभी-भी बहुत से आयाम हासिल करना जरूरी है।
उक्त विचार लोकसभा सांसद और ख्यात लेखक शशि थरूर ने एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में चल रही 51वीं राउंड स्क्वेयर अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में व्यक्त किए। देश के मानव संसाधन और विकास राज्य मंत्री तथा विदेश राज्य मंत्री जैसे अहम पदों पर रह चुके थरूर ने संयुक्त राष्ट्र में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेज शासन से पहले का भारत अलग था। मगर जब वे हमें छोड़कर गए तो देश के हालात बहुत खराब हो चुके थे। बहुत कम लोग शिक्षित थे। चिकित्सकीय स्थितियां खराब थी। हम जिस उन्नात संस्कृति की बात करते हैं वह खत्म हो चुकी थी। ऐसे में नया भारत बनाना हमारे लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। हमने वहां से शुरुआत करते हुए बहुत तरक्की की है, लेकिन अभी भी बहुत से आयाम तय करना बाकी हैं।
उन्होंने भारत की चर्चा करते हुए कहा- हमारे देश में बहुत-सी बातों में विरोधाभास नजर आता है। हम स्वयं को परमाणु शक्ति संपन्ना राष्ट्र बताते हैं, लेकिन दूसरी ओर बहुत से गांव और क्षेत्र ऐसे हैं जहां दिन में 12 घंटे बिजली नहीं होती। हम शाइनिंग इंडिया की बात करते हैं, लेकिन आज भी देश के अधिकांश सांसद ऐसे हैं, जिनके संसदीय क्षेत्र की 70 फीसदी आबादी गरीबी रेखा के नीचे रहती है। उन्होंने कहा- देश की मृत्यु दर पहले से बेहतर हुई है यह संतोष की बात है। मगर हमारे ही साथ स्वतंत्र हुए देशों की तुलना में हमारे यहां चिकित्सकीय सुविधाएं वैसी नहीं हैं। हमें इस बारे में सोचना होगा।
शासकीय शिक्षण संस्थानों की फीस कम होना जरूरी
थरूर ने बहुत से उच्च शिक्षा के शासकीय संस्थानों की फीस बढ़ाने पर चर्चा करते हुए कहा- शासकीय शिक्षण संस्थानों की फीस कम होना चाहिए। सरकारी और निजी संस्थानों की व्यवस्था में अंतर होता है। निजी संस्थान फीस से ही अपने खर्चे, व्यवस्थाएं पूरी करते हैं। इस पर उनकी निर्भरता है। मगर शासकीय संस्थान जनता द्वारा दिए जाने वाले करों से चलता है। इसका लाभ जनता को मिलना चाहिए। यदि फीस बढ़ाएंगे तो सिर्फ अमीर ही शिक्षा ले पाएंगे। मैंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और फीस करीब 15 रुपए थी। मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूं। ऐसी ही शिक्षा यदि युवाओं को उपलब्ध होगी तो युवाओं की देशभक्ति बढ़ेगी।
पाकिस्तान के मुद्दे पर किसी तीसरे देश की जरूरत नहीं
थरूर ने कहा- भारत और पाकिस्तान के बीच जो विवाद है, वह द्विपक्षीय है। हम दोनों देश एक-दूसरे की भाषा समझते हैं। ऐसे में हमें किसी तीसरे देश की मध्यस्थतता की जरूरत नहीं। अभी दिक्कत यह है कि हम तो चर्चा चाहते हैं, लेकिन वहां से आतंकी गतिविधियां होती हैं। एक तरफ चर्चा की बात और दूसरी ओर आतंकी गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं। पाकिस्तान के खिलाफ हम भी थे। ऐसा नहीं है कि यह नई विदेश नीति बन गई है। हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरकार के साथ हैं। हम सिर्फ यह कहना चाहते हैं कि देश के अंदर यदि कुछ होता है तो विपक्ष के नाते हमें सवाल पूछने का हक है।
विदेश में पहले भी था भारतीय नेताओं का सम्मान
शश‍ि थरूर ने कहा कि मैं 19 साल विदेश में पढ़ा, फिर संयुक्त राष्ट्र में रहा। करीब 34 साल विदेश में रहा। मैंने महसूस किया कि 1991 से 2014 तक देश का सम्मान ऐसा था कि दूसरे राष्ट्रों के प्रमुख हमारे यहां आना चाहते थे। समस्या यह थी कि अन्य देशों के राष्ट्र अध्यक्षों की अगवानी करने हमारे राष्ट्र प्रमुख को आना होगा। मगर हमारे राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री की व्यस्तताओं के कारण हमें इसमें कमी करना पड़ी। विश्व में पं. जवाहरलाल नेहरू, श्रीमती इंदिरा गांधी का भी बहुत ज्यादा सम्मान था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *