मुंबई,वक्त की अहमियत को बखूबी समझने वाले बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन को इसकी सीख अपने निर्देशक पिता डेविड धवन से मिली है। इसी वजह से वरुण वक्त के बहुत पाबंद हैं। वरुण ने बताया कि एक प्रोजेक्ट के लिए शूटिंग करने के दौरान शिफ्ट पर समय से पहुंचने व वक्त बर्बाद नहीं करने की अहमियत को वह भली-भांति समझते हैं। वरुण ने कहा, “एक कलाकार के जीवन में समय बहुत ज्यादा कीमती है और आज की दुनिया में वक्त ही पैसा है और प्रोफेसनलिज्म भी बहुत महत्वपूर्ण है। यदि आप चाहते हैं कि लोग वक्त पर आए, तो दूसरों के वक्त की भी इज्जत करें। उन्होंने बताया कि अगर मैं कभी किसी की समय पालन से प्रेरित रहा हूं तो वह मेरे पिता हैं। मेरे पिता वास्तव में हर जगह वक्त से पहले ही पहुंच जाते हैं।” वरुण ने आगे यह भी कहा, “यदि किसी शूट में बुलाने का वक्त 9 बजे है, तो वह 8 बजे ही पहुंच जाते हैं और हर किसी को वहां 9 बजे के अंदर पहुंच जाना चाहिए। वहीं, अपनी अपकमिंग फिल्म ‘कुली नंबर 1’ की शूटिंग के बारे में बताते हुए वरुण ने कहा कि, “एक निर्देशक का बेटा होने के नाते मैं यह समझता हूं कि शिफ्ट की बर्बादी नहीं करना चाहिए। इसलिए बात चाहे ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ हो या ‘कुली नंबर 1’ के सेट की हो, मैं हमेशा वक्त पर पहुंचने की कोशिश करता हूं।” दरअसल, वरुण ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी जिंदगी में वक्त की कीमत के बारे में बात की। उन्होंने इस इवेंट में फॉसिल के साथ घड़ी भी लॉन्च की।
समय के पाबंद हैं वरुण धवन, सेट पर हमेशा वक्त पर पहुंचते है