यूपी विधानसभा के उपचुनाव में बीजेपी नेता रिश्तेदारों के लिए मांग रहे टिकट

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों के लिए बीजेपी नेता अपने बच्चों और भाइयों के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे है। लेकिन पार्टी पहले कह चुकी है कि परिजनों को टिकट नहीं दिया जाएगा, लेकिन इस बार भी नेता अपने करीबियों के लिए टिकट मांगने की दावेदारी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक लखनऊ कैंट से सांसद रीता बहुगुणा जोशी अपने बेटे के लिए टिकट मांग रही हैं। वहीं गोविंदनगर से सांसद सत्यदेव पचौरी भी अपने बच्चों के लिए टिकट मांग रहे हैं। वहीं मानिकपुर से पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र भी अपने छोटे भाई के लिए टिकट के दावेदार हैं। प्रतापगढ़ से सांसद संगम लाल गुप्ता भी अपने भाई के लिए टिकट की चाह रख रहे हैं। बलहा विधानसभा सीट के लिए सांसद अक्षयवर लाल गौड़ भी अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं। इसी क्रम में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान भी अपने बेटे के लिए घोसी से टिकट की उम्मीद लगाए हुए हैं। दूसरी तरफ सबकी निगाहें रामपुर की तरफ भी लगी हुई हैं कि क्या जयाप्रदा एक बार फिर मैदान में उतरेंगी।
लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी जयाप्रदा की रामपुर में सक्रियता देखकर कयासों का दौर जारी है कि क्या आजम खान के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद वहां मैदान में उतरेंगी, कहा जा रहा है कि वहां भी अपने रामपुर के करीबी को टिकट दिलाने में लगी हुई हैं। इन टिकट दावेदारों के बीच पिछले उपचुनाव के जैसा हश्र न हो इसकारण पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। यूपी बीजेपी के महामंत्री विजय बहादुर पाठक का मानना हैं कि प्रत्याशी चयन संसदीय बोर्ड करता है और उसका फैसला होगा, लेकिन मैदान में कमल का फूल रहेगा और जीत कमल को फूल को ही मिलेगी। बता दें कि यूपी में 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें रामपुर, सहारनपुर की गंगोह, फिरोजाबाद की टूंडला, अलीगढ़ की इगलास, लखनऊ कैंट, बाराबंकी की जैदपुर, चित्रकूट की मानिकपुर, बहराइच की बलहा, प्रतापगढ़, हमीरपुर और अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट शामिल है। इन 11 विधानसभा सीटों में से रामपुर की सीट सपा और जलालपुर की सीट बसपा के पास थी और बाकी सीटों पर बीजेपी का कब्जा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *