मप्र के विदिशा में 6 घंटे में 5 इंच बारिश, घरों में घुसा पानी, स्कूलों में छुट्टी

विदिशा, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पड़ोसी जिला विदिशा में गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश ने मूसलाधार का रूप धारण कर लिया। रात 10 बजे शुरू हुई तेज बारिश के कारण शुक्रवार सुबह तक जारी रही, जिससे करीब छह घंटे में 5 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश देखकर लोग सहम गए उन्हें लगा जैसे बादल फट गए हों। 121 मिमी बारिश के साथ जिले में प्रदेश की सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश के अधिकांश शहरों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मंडला में 75.4 रायसेन में 75.2, अशोकनगर में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बाढ़ जैसे हालात, छुट्टी घोषित
विदिशा में शुक्रवार सुबह जब सोकर उठे तो उन्हेंं लगा जैसे किसी बाढ़ में घिर गए हैं। इसे देखते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने जिले के सभी निजी और शासकीय स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। वहीं, निचली बस्तियों में करीब चार फीट तक पानी भरने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।भारी बारिश के बीच, कलेक्टर समेत सभी राजस्व अधिकारी सुबह अलग-अलग क्षेत्रों के बारिश के हालात का जायजा लेने पहुंचे। कलेक्टर ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग सभी नदी-नाले एक बार फिर उफान पर होने से गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है।
आगे क्या?
मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान विदिशा समेत 13 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, छिंदवाड़ा, सिवनी, गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, छतरपुर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, नरसिंहपुर, सीहोर और होशंगाबाद जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *